-किसानों को पानी तक नहीं दे पा रही
-नदी-नाले पानी से लबालब, फिर भी खेतों तक नहीं पहुंच रहा सिंचाई का पानी
-मंडी, सहकारिता और सिंचाई संस्थाओं के चुनाव नहीं कराने पर सरकार को घेरा
अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा कृषि कल्याण वर्ष मनाए जाने पर कांग्रेस नेता मोहन साईं ने सवाल खड़े करते हुए सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार कृषि कल्याण वर्ष मनाने का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी ओर किसान अपनी बुनियादी समस्याओं के लिए परेशान हो रहे हैं। जब किसानों को सिंचाई के लिए पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, तो फिर यह कैसा कृषि कल्याण वर्ष है?
मोहन साईं ने सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की नदियां और नाले पानी से भरपूर बह रहे हैं, लेकिन किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच रहा है। पानी की उपलब्धता होने के बावजूद किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं। यह सिंचाई विभाग की नाकामी और सरकारी व्यवस्था की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले 12 वर्षों से किसानों से जुड़ी संस्थाओं के चुनाव नहीं कराए हैं। चाहे कृषि उपज मंडियों के चुनाव हों, सहकारिता संस्थाओं के चुनाव हों या सिंचाई विभाग की नहर समितियों के चुनाव, सभी जगह लोकतांत्रिक व्यवस्था ठप पड़ी है। किसानों को अपनी समस्याएं रखने और अपने प्रतिनिधि चुनने तक का अधिकार नहीं मिल रहा है।
आय दोगुनी करने का वादा, संस्थाएं ही कर दीं बर्बाद
मोहन साईं ने सरकार के पुराने वादे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की आय वर्ष 2022 तक दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज स्थिति यह है कि किसानों की आय बढ़ाने के बजाय उनसे जुड़ी संस्थाओं को ही कमजोर और बर्बाद कर दिया गया है। मंडियों से लेकर सहकारिता और सिंचाई व्यवस्था तक किसानों की भागीदारी समाप्त होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और विभागीय लापरवाही के चलते किसान लगातार परेशान हो रहे हैं। एक तरफ किसानों के कल्याण के नाम पर बड़े-बड़े आयोजन और घोषणाएं की जा रही हैं, तो दूसरी तरफ खेतों तक पानी पहुंचाने जैसी मूलभूत जिम्मेदारी भी पूरी नहीं हो पा रही है। मोहन सांई ने सरकार से सवाल किया कि जब नदियों और नालों में पानी उपलब्ध है, तो किसानों को सिंचाई के लिए पानी क्यों नहीं मिल रहा? किसानों की संस्थाओं के चुनाव आखिर कब कराए जाएंगे? उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने और मंडी, सहकारिता एवं नहर समितियों के चुनाव कराने की मांग की।




