-पीतल का तुक्कस घर के पीछे छोड़ गए, देर रात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
अनोखा तीर, हरदा। हरदा की मंगलद्वार कॉलोनी में रविवार दोपहर चोर एक बंद मकान में घुसे। उन्होंने गुल्लक और तांबे-पीतल के लोटे चुराए। घर के पीछे पीतल का एक तुक्कस छोड़कर चले गए। पुलिस ने देर रात मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मकान मालिक लक्ष्मीनारायण राठौर 16 नवंबर को पत्नी के ऑपरेशन के लिए खंडवा गए थे। उनके भाई पास ही रहते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह तक सब ठीक था, लेकिन दोपहर बाद कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा। राठौर ने बताया कि रविवार शाम घर लौटने पर दरवाजा अंदर से बंद था और लाइट जल रही थी। वे घर से निकलते समय बाहर से ताला लगाकर गए थे और लाइट बंद की थी। भाई के घर के पीछे से जाकर देखा तो मकान की पिछली दीवार के निचले हिस्से में सुरंग बनी थी। घर के अंदर अलमारी का ताला तोड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह नहीं टूटा। चोर तांबे-पीतल के लोटे और एक गुल्लक ले गए। राठौर के मुताबिक, गुल्लक उनकी बेटी ने छह साल पहले बनाई थी और उसमें करीब 10 हजार रुपए थे। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है।




