Skip to content
Saturday, 7 November 2026
हरदा

महर्षि ज्ञानपीठ में धूमधाम से मनाया दीपावली उत्सव

3 min read
02 3
Text Size:

-विद्यार्थियों की कलात्मक प्रस्तुतियों, भव्य राम-अयोध्या चित्रांकन और आकर्षक नाट्य मंचन से राममय हुआ विद्यालय परिसर

अनोखा तीर, हरदा। महर्षि ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल, हरदा में दीपावली उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से संपूर्ण विद्यालय परिसर को दीपावली के रंगों से सराबोर कर दिया। दीपावली उत्सव के अंतर्गत सभी विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी कक्षाओं को आकर्षक ढंग से सजाया। आर्ट एंड क्राफ्ट के माध्यम से विद्यार्थियों ने सुंदर तोरण, दीप सजावट, रंगोली एवं विभिन्न कलात्मक वस्तुओं का निर्माण किया। विद्यार्थियों द्वारा सजाए गए क्लासरूम और पूरे कैंपस की आकर्षक सजावट ने उत्सव को विशेष रूप से भव्य बना दिया। नर्सरी से लेकर 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक इस आयोजन में सहभागिता की तथा अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने बनाया राम-अयोध्या चित्रांकन
उत्सव का विशेष आकर्षण कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया गया विशाल भगवान श्रीराम एवं अयोध्या का चित्रांकन रहा। शिक्षक देवी सिंह एवं मनीष सर के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने लगभग 10 फीट लंबा एवं 15 फीट चौड़ा विशाल कैनवास तैयार किया, जिसमें पुस्तों एवं कार्डशीट के माध्यम से भगवान श्रीराम और भव्य अयोध्या नगरी का सुंदर चित्रांकन किया गया। विद्यार्थियों की मेहनत, कल्पनाशीलता एवं कलात्मक कौशल से तैयार इस विशाल कलाकृति की सभी ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
वनवास से अयोध्या आगमन का भावपूर्ण नाट्य मंचन
शिक्षिका श्वेता सैनी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों द्वारा भगवान श्रीराम, माता सीता एवं लक्ष्मण के वनवास से अयोध्या लौटने तथा अयोध्यावासियों द्वारा उनके भव्य स्वागत का मनमोहक नाट्य मंचन प्रस्तुत किया गया। भरत, शत्रुघ्न एवं अयोध्यावासियों ने भगवान श्रीराम के आगमन पर पुष्प एवं दीप प्रज्ज्वलित कर स्वागत किया। मंच पर श्रीराम, लक्ष्मण, सीता, भरत एवं शत्रुघ्न के साथ मां सरस्वती और मां लक्ष्मी के स्वरूप भी विद्यार्थियों द्वारा सजीव रूप में प्रस्तुत किए गए। पूरे वातावरण में जय श्रीराम के उद्घोष, दीपों की जगमगाहट एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर राममय हो गया। नाट्य प्रस्तुति ने भगवान श्रीराम के आदर्शों, प्रेम, त्याग एवं धर्म के संदेश को अत्यंत सुंदर ढंग से अभिव्यक्त किया।
विद्यार्थियों ने बताया पांचों पर्वों का महत्व
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने धनतेरस, नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व की जानकारी भी प्रस्तुत की। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं त्योहारों के मूल संदेश से परिचित कराया गया।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply