Skip to content
Saturday, 10 October 2026
हरदा

योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बन रहे हरदा के युवा 

6 min read
15 5
Text Size:

 

13 1 2
अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को कौशल विकास, आधुनिक तकनीक, शिक्षा एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उद्यमियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने तथा ई-कॉमर्स एवं डिजिटल माध्यमों से देश-दुनिया के बाजार तक पहुंच बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों को भी परंपरागत खेती के साथ पशुपालन, प्राकृतिक खेती, खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि आधारित नवाचार अपनाकर आय के नए स्रोत विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर हरदा के आत्मनिर्भर बन रहे उद्यमी, युवा और किसान आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की मजबूत तस्वीर हैं और प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत हरदा जिले के जिला पंचायत सभागार में आयोजित उद्यमी, युवा एवं किसान संवाद में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने और उनके प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि हरदा में स्थानीय स्तर पर विकसित उत्पादों और नवाचारों को बड़े बाजार से जोड़ने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। संवाद में सामने आई सफलता की कहानियां अन्य युवाओं और किसानों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरदा जिले के उद्यमियों ने अपने परिश्रम और नवाचार से स्थानीय संसाधनों को रोजगार और व्यवसाय के अवसरों में बदला है। युवाओं ने आधुनिक तकनीक को अपनाकर नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं, वहीं किसानों ने प्राकृतिक खेती, पशुपालन और कृषि आधारित नवाचारों के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का प्रभावी लाभ लेकर व्यक्ति स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार और विकास के अवसर तैयार कर सकता है।
रजाई निर्माण से 72 लोगों को रोजगार
उद्यमी पलाश करोड़े ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत मिले 25 लाख रुपये के बैंक ऋण एवं 6.25 लाख रुपये के अनुदान से उन्होंने रजाई निर्माण का व्यवसाय स्थापित किया है। उनके उत्पाद मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई हो रहे हैं। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन बिक्री की जा रही है तथा उनके व्यवसाय से लगभग 72 लोगों को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने रॉ मटेरियल, लागत एवं टर्नओवर की जानकारी लेते हुए उनके प्रयास की सराहना की।
बायो सीएनजी प्लांट से आय के साथ पर्यावरण संरक्षण
खिरकिया निवासी गौरव माहेश्वरी ने गोवर्धन योजना एवं मुख्यमंत्री जैव ईंधन योजना के माध्यम से स्थापित होने वाले बायो सीएनजी प्लांट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्लांट से आय में वृद्धि के साथ पराली का उपयोग होने से पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण में भी कमी आएगी।
30 हजार लैंड लेवलर का निर्माण
टिमरनी निवासी गुरचरण लाल ने लैंड लेवलर कृषि उपकरण एवं मशीनरी निर्माण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 30 हजार लैंड लेवलर का निर्माण किया जा चुका है तथा 12 जिलों में इसकी बिक्री हो रही है। यह मशीन नरवाई को चूर करने, बखरी हुई जमीन के ढेलों को बारीक करने तथा जमीन की उर्वरता बनाए रखने में उपयोगी है। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत मिले ऋण एवं अनुदान के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरदा जिले में लैंड लेवलर के उपयोग को बढ़ाया जाए, जिससे पराली जलाने की समस्याओं का स्थायी समाधान मिल सके।
मूंगदाल इकाई के उत्पाद चीन, दुबई, अमेरिका तक पहुंच रहे
ग्राम कनारदा निवासी उद्यमी दीपक उपाध्याय ने लिंक अनुदान योजना से प्राप्त 70 लाख 77 हजार रुपये की सहायता से स्थापित मूंगदाल एवं मूंग पॉलिश इकाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके उत्पाद चीन, दुबई, अमेरिका सहित देश के बड़े शहरों तक पहुंच रहे हैं। वहीं टिमरनी निवासी महेंद्र सिंह राजपूत ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना से मिले 10 लाख रुपये के अनुदान से स्थापित खाद्य प्रसंस्करण एवं मसाला उद्योग की जानकारी दी। उनके निर्मल स्पाइसेज उत्पाद प्रदेश के 12 जिलों में पहुंच रहे हैं तथा ऑनलाइन बिक्री और डिजिटल मार्केटिंग भी की जा रही है।
मिशन कोड शक्ति से 2500 विद्यार्थी हो रहे आधुनिक तकनीक में दक्ष
यशस्वी संवाद में शासकीय हाई स्कूल मांदला की कक्षा 10वीं की मेधावी छात्रा टीना नगरे ने मिशन कोड शक्ति नवाचार के माध्यम से वेबसाइट डिजाइनिंग, वेब बेसिक्स एवं प्रोग्रामिंग लैंग्वेज सीखने के अनुभव साझा किए। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बताया कि जिले में मिशन कोड शक्ति नवाचार के माध्यम से 2500 विद्यार्थी आधुनिक तकनीक में दक्ष हो रहे हैं।
1000 जनजातीय महिलाओं से जुड़ा अंतरराष्ट्रीय ब्रांड बरगंडी बाग
सिरकंबा निवासी उद्यमी अर्चना नागर ने अपने अंतरराष्ट्रीय ब्रांड बरगंडी बाग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अफ्रीकी मूल के रोसेले पौधे से स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं तथा करीब 1000 जनजातीय महिलाओं को उत्पाद निर्माण से जोड़ा गया है। ब्रांड को एमएसएमई, एपीडा, फिक्की और यूएस एफडीए जैसे प्रमाण-पत्र प्राप्त हैं। मुख्यमंत्री ने उत्पाद का अवलोकन कर इसे पर्यटन विभाग से जोड़कर विस्तार देने के निर्देश दिए। उन्होंने टिमरनी के अंतरराष्ट्रीय रैपिड चेस प्रतियोगिता विजेता यश पचौरी से भी संवाद किया।
प्राकृतिक खेती, गो आधारित उत्पादों और पशुपालन से किसानों की बड़ी आय
सिराली निवासी किसान आनंद यादव ने शासकीय योजना से मिली एक लाख रुपये की सहायता से स्थापित बायो रिसोर्स सेंटर तथा जीवामृत-बिजामृत के माध्यम से प्राकृतिक खेती एवं गौ आधारित उत्पादों से होने वाले लाभ की जानकारी दी। टिमरनी निवासी किसान नवनीत जैन ने राष्ट्रीय पशुधन मिशन के अंतर्गत स्थापित साइलेज निर्माण इकाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे हरे चारे को लंबे समय तक सुरक्षित एवं पौष्टिक रूप से भंडारित किया जा रहा है, जिससे पशुओं के स्वास्थ्य एवं दूध उत्पादन में सुधार और पशुपालन की लागत कम करने में सहायता मिलेगी।
कामधेनु योजना से डेयरी व्यवसाय
खिरकिया तहसील निवासी सूर्य प्रताप ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना वर्ष 2025-26 का लाभ लेते हुए 42 लाख रुपये की वित्तीय सहायता से 9 उच्च नस्ल की मुर्रा भैंसें खरीदने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ मिलने के बाद डेयरी व्यवसाय को विस्तार मिला और वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 100 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। इससे उनकी आय में वृद्धि हुई है तथा उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य किसानों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी है। मुख्यमंत्री ने सभी हितग्राहियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, पूर्व मंत्री कमल पटेल, पूर्व विधायक संजय शाह, नगर पालिका अध्यक्ष भारती राजू कमेडिया, राजेश वर्मा, तथा मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, सचिव सुदाम खाड़े, कमिश्नर नर्मदापुरम श्रीकांत बनोठ, आईजी चंद्रशेखर सोलंकी, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक शशांक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply