सोयाबीन की कटाई शुरू, पांच से सात बोरा प्रति एकड़ निकल रहा उत्पादन

अनोखा तीर, मसनगांव। खरीफ सीजन की प्रमुख फसल सोयाबीन की कटाई क्षेत्र में शुरू हो गई है। खेतों में जल्दी पकने वाली किस्में तैयार होने के साथ ही किसान अब कटाई में जुट गए हैं। शुरुआती खेतों में मिल रही उपज को देखते हुए इस बार उत्पादन पिछले साल की तुलना में ठीक-ठाक रहने की उम्मीद किसानों को है। हालांकि फसल की वास्तविक स्थिति का पता पूरी तरह कटाई होने के बाद ही चलेगा। क्षेत्र में 2433, 2303 और 2506 ब्लैक बोल्ड सहित जल्दी पकने वाली सोयाबीन की किस्में पककर तैयार हो गई हैं। इन किस्मों की कटाई कई किसानों ने शुरू कर दी है। किसानों के अनुसार शुरुआती तौर पर पांच से सात बोरी प्रति एकड़ तक उत्पादन निकल रहा है। इससे किसानों को आगे पकने वाली फसल से भी बेहतर उत्पादन की उम्मीद है।
कटाई के साथ मंडी में पहुंचने लगी उपज
खेतों में फसल तैयार होने के साथ ही सोयाबीन की उपज मंडी तक पहुंचने लगी है। वर्तमान में मंडी में सोयाबीन के भाव 4800 से 5500 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास बने हुए हैं। किसान उत्पादन के साथ-साथ भाव पर भी नजर रखे हुए हैं। किसानों का कहना है कि फसल की लागत लगातार बढ़ने के कारण उपज का उचित भाव मिलना जरूरी है।
मौसम साफ होते ही बढ़ी कटाई की रफ्तार
पिछले दिनों मौसम में बदलाव के कारण किसान फसल की कटाई को लेकर चिंतित थे। अब मौसम साफ होने के बाद खेतों में कटाई का काम तेज हो गया है। जिन खेतों में सोयाबीन की फलियां पूरी तरह पक चुकी हैं, वहां किसान पहले कटाई कर रहे हैं, ताकि खेत में खड़ी फसल को मौसम की मार से बचाया जा सके।
आगे आने वाली फसल से उम्मीद
अभी सोयाबीन की कटाई शुरुआती चरण में है। क्षेत्र में बड़ी मात्रा में फसल खेतों में खड़ी है। आने वाले दिनों में 2117, 2172, 2555 एनआरसी 268 150 सहित अन्य किस्मों की कटाई शुरू होने के बाद ही पूरे क्षेत्र में उत्पादन की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल शुरुआती उत्पादन ने किसानों की उम्मीदों को जरूर बढ़ाया है।
समर्थन मूल्य पर खरीदी को लेकर पंजीयन 3 अक्टूबर से
शासन द्वारा सोयाबीन उपार्जन के लिए पंजीयन का कार्य 3 अक्टूबर से शुरू किया जाना है जबकि कटाई का कार्य जोरों पर चल रहा है। ऐसे में किसानों को अपनी उपज की समर्थन मूल्य पर बिक्री के लिए पंजीयन का इंतजार करना पड़ रहा है। शासन के आदेश अनुसार 3 अक्टूबर से लेकर 17 अक्टूबर तक भावांतर योजना के तहत सोयाबीन का पंजीयन किया जाना है। इस संबंध में मसनगांव समिति के सहायक संचालक अखिलेश पाटिल ने बताया कि 3 अक्टूबर से पंजीयन का काम चालू होगा जो 17 अक्टूबर तक चलेगा। शासन के आदेशानुसार भावांतर में सोयाबीन खरीदी की जाएगी।

0 Views

Leave a Reply