अनोखा तीर, मसनगांव। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत द्वारा गांव के बुजुर्गों का सम्मान किया गया। पंचायत की ओर से सम्मान मिलने पर बुजुर्ग भावुक नजर आए और उन्होंने इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में बुजुर्गों ने अपने अनुभव साझा करते हुए गांव के विकास और आने वाली पीढ़ी के लिए जरूरी सुझाव भी दिए। ग्राम के बुजुर्ग गणेश प्रसाद भायरे ने कहा कि शासन द्वारा बुजुर्गों के सम्मान के लिए 1 अक्टूबर का दिन निर्धारित किया गया है। पंचायत द्वारा बुजुर्गों का सम्मान किया जाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कम बारिश को देखते हुए आने वाले समय में जल संकट की आशंका जताते हुए पंचायत से गांव में जगह-जगह बोरी बंधान बनाकर बारिश के पानी को रोकने की व्यवस्था करने की बात कही। वहीं बृजलाल ओनकर ने कहा कि बुजुर्गों के सम्मान की परंपरा हमेशा बनी रहनी चाहिए। बुजुर्गों के अनुभव और मार्गदर्शन से समाज और गांव को दिशा मिलती है।
91 वर्षीय बाबूलाल ने बताया सेहत का राज
कार्यक्रम में 91 वर्षीय बाबूलाल मालवीय ने अपनी सेहत का राज बताते हुए कहा कि वे लंबे समय से शुद्ध शाकाहारी भोजन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले कुछ समय तक सिगरेट का सेवन करने से उनकी सेहत प्रभावित हुई थी। डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने सिगरेट पूरी तरह छोड़ दी। इसके बाद से वे नियमित जीवनशैली अपना रहे हैं और प्रतिदिन करीब एक से डेढ़ किलोमीटर पैदल घूमने जाते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित दिनचर्या और खान-पान का विशेष ध्यान रखने से वे आज भी स्वस्थ जीवन जी रहे हैं।
बुजुर्गों के मार्गदर्शन से तय होता है विकास
पंचायत सचिव नंदलाल बघेल ने कहा कि बुजुर्ग गांव की प्रेरणा हैं और उनका सम्मान हमेशा किया जाना चाहिए। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ग्राम के विकास को दिशा मिलती है। कार्यक्रम में दो महिला बुजुर्ग, गणेश मुकाती, रामकृष्ण पाटिल, सहायक सचिव लालू योगी, सरपंच राजकुमारी चौहान, कोटवार हर्षवर्धन अग्निभोज सहित बड़ी संख्या में बुजुर्ग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
वृद्धजन दिवस पर बुजुर्गों का किया सम्मान

0 Views




