-रिफार्म उत्सव के रूप में आयोजित होंगी ग्राम सभाएं
अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार हरदा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 2 अक्टूबर 2026 से चरणबद्ध तरीके से ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं में वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार कर उसका अनुमोदन किया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरदा द्वारा राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को शासन के एजेंडे के अनुसार समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम सभाएं जन योजना अभियान 2026 सबकी योजना, सबका विकास के तहत आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष अभियान को रिफार्म उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। ग्राम सभाओं में विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन, सफल हितग्राहियों के अनुभव साझा करने तथा विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। ग्राम सभाओं में ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित एकल नल-जल योजनाओं के रखरखाव, पेयजल की गुणवत्ता जांच, जल प्रभार की वसूली, बिजली बिलों के समय पर भुगतान तथा बिना मीटर वाले कनेक्शनों में मीटर लगाने संबंधी विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत न्यूनतम रोजगार दिवस 100 से बढ़ाकर 125 दिन करने, स्वीकृत कार्यों की संख्या बढ़ाने तथा कैच द रेन अभियान के तहत वर्षा जल संचयन की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। ग्राम पंचायत विकास योजना में स्थानीय आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को शामिल करने पर भी चर्चा होगी। महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका से जुड़े विषयों के तहत लखपति दीदी पहल की समीक्षा की जाएगी। चिन्हांकित महिलाओं की आय का सत्यापन करने के साथ ही संभावित नई लखपति दीदियों की सूची ग्राम सभा में प्रदर्शित की जाएगी। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत गांवों को ओडीएफ प्लस मॉडल बनाए रखने के लिए स्वच्छता शपथ दिलाई जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पारंपरिक पकी ईंटों के स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल कंप्रेस्ड स्टेबलाइज्ड अर्थ ब्लॉक्स से निर्माण को प्रोत्साहित करने संबंधी जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही नए तीन आपराधिक कानूनों-भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के संबंध में जागरूकता, नशा मुक्त भारत अभियान, बाल विवाह रोकथाम तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर भी ग्रामीणों को जानकारी दी जाएगी। ग्राम सभाओं में पारदर्शिता और निर्णयों का दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने के लिए बैठकों, चर्चाओं एवं पारित प्रस्तावों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। वीडियोग्राफी एवं ग्राम सभा के निर्णयों को शासन द्वारा निर्धारित पंचायत निर्णय तथा सभासार पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाएगा।
2 अक्टूबर से हरदा जिले में चरणबद्ध होंगी ग्राम सभाएं

0 Views




