-मातृ-स्वास्थ्य एवं पोषण संवाद आयोजित
अनोखा तीर, हरदा। आंगन मिशन सेवा संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत इंदिरा गांधी वार्ड क्र-10 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र 20 में द्वितीय दिवस मातृ-स्वास्थ्य एवं पोषण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वार्ड की महिलाओं, गर्भवती माताओं एवं धात्री माताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गर्भावस्था के दौरान पोषण का महत्व समझाते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच एवं पौष्टिक आहार लेने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता सोनी एवं सहायिका उमा राठौर ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे से ही मजबूत समाज की नींव तैयार होती है। उन्होंने महिलाओं को शासन की ओर से संचालित पोषण सेवाओं, लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं मातृ-वंदना योजना सहित विभिन्न योजनाओं से मिलने वाले लाभ की जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित पोषण आहार देने तथा दैनिक जीवन में स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण एवं दैनिक खान-पान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।



