-एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन
अनोखा तीर, हरदा। 12वीं की पूरक परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को महाविद्यालय में प्रवेश का अवसर देने की मांग को लेकर बुधवार को एनएसयूआई ने जिला शिक्षा अधिकारी और संबंधित आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई का कहना है कि पूरक परीक्षा का परिणाम प्रवेश की निर्धारित तारीखें समाप्त होने के बाद जारी हुआ, जिसके चलते कई विद्यार्थी कॉलेज में प्रवेश से वंचित रह गए। संगठन ने विद्यार्थियों के हित में प्रवेश पोर्टल को सात दिनों के लिए दोबारा खोलने की मांग की है। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ बिश्नोई ने बताया कि विद्यार्थियों की समस्या को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया है। अधिकारियों की ओर से सात दिन के भीतर समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि सात दिनों में विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर नहीं मिलता है, तो एनएसयूआई आंदोलन करेगी। ज्ञापन के दौरान मनोज साईं, कृष्णा बिश्नोई, नमन मालवीय, पंकज पवार, प्रवीण, अमित, लकी गुर्जर, पुष्कर, रेहान, चंदन राजपूत और गौतम लोहाना सहित एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



