0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों के आधार कार्ड बनवाएं

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बुधवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी कुपोषण की स्थिति निर्मित न हो। कलेक्टर जैन ने निर्देशित किया कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों के आधार कार्ड बनवाने की कार्यवाही प्राथमिकता से पूर्ण कराई जाए। पोषण ट्रेकर में दर्ज गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों की आभा आईडी बनाने का कार्य भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अतिकुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उन्हें आवश्यकतानुसार पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती कराया जाए, ताकि उन्हें समुचित उपचार एवं पोषण उपलब्ध कराया जा सके। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं हितग्राहियों के लिए पोषण आहार यथासमय उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन मैदानी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाया जाए। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में अच्छी एवं अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी विवेक शर्मा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

0 Views

Leave a Reply