Skip to content
Saturday, 10 October 2026
हरदा

वन ग्राम के किसानों को खाद नहीं मिलने से परेशानी, कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। जिले में खाद की किल्लत के बीच वन ग्रामों के किसान परेशान हैं। पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिलने से नाराज बड़ी संख्या में किसान शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी। किसानों ने बताया कि 19 अगस्त को रहटगांव तहसील में उन्हें खाद वितरण के लिए टोकन दिए गए थे। टोकन मिलने के बाद जब वे खाद लेने पहुंचे तो पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिली। किसानों का कहना है कि इस समय मक्के की फसल में खाद डालना बेहद जरूरी है और समय पर खाद नहीं मिलने से फसल प्रभावित होने के साथ उत्पादन कम होने की चिंता बनी हुई है। वनग्राम दिदमदा निवासी किसान गंगाराम कलम ने बताया कि रहटगांव तहसील में धरना देने के दौरान तहसीलदार द्वारा खाद के लिए टोकन वितरित किए गए थे, लेकिन खाद लेने पहुंचने पर उन्हें खाद देने से मना कर दिया गया। इससे नाराज किसान अपनी समस्या लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। मालेगांव की महिला किसान माइलो बाई ने बताया कि तीन से चार बार चक्कर लगाने के बावजूद 15 बोरी खाद नहीं मिल पा रही है। उनका कहना है कि मक्के की फसल खराब होने की स्थिति में है और समय पर खाद नहीं मिलने पर पूरी फसल बर्बाद हो सकती है। उप संचालक कृषि विभाग हरदा प्रकाश ठाकुर ने बताया कि कुछ वन ग्रामों के किसान खाद की समस्या लेकर आए थे। उनका समाधान किया जा रहा है। सभी किसानों के ई-टोकन जनरेट कराकर उन्हें खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि टोकन के आधार पर जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते फसल में खाद डाली जा सके और नुकसान से बचा जा सके।

2 Views
What do you think?

Leave a Reply