Skip to content
Saturday, 10 October 2026
हरदा

किसान त्रस्त, सरकार और जिला प्रशासन मस्त 

2 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। जिला कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर सरकार पर किसानों को परेशान करने का आरोप लगाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सांई ने समर्थन मूल्य पर मूंग बेचने वाले किसानों का भुगतान नहीं होने और खाद की किल्लत को लेकर मध्यप्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मोहन सांई ने बताया कि हरदा जिले के 1556 किसान ऐसे हैं जिन्होंने समर्थन मूल्य पर अपनी मूंग बेची थी, लेकिन 20 दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें भुगतान नहीं मिला है। जब इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि किसानों के खातों का मिलान किया जा रहा है। ये वही किसान हैं जिन्होंने मंडी में भी मूंग बेची है और समर्थन मूल्य पर भी बेची है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब खरीदी से पहले जिला प्रशासन ने पंजीयन का सत्यापन करा लिया था, तो फिर अब किसानों के साथ ऐसा दुर्व्यवहार क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार 2026 को मध्यप्रदेश में किसान कल्याण वर्ष मना रही है, वहीं दूसरी ओर किसानों का शोषण किया जा रहा है। मोहन सांई ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं करा रही है। यदि किसानों को समय पर यूरिया और डीएपी नहीं मिली तो मक्का का उत्पादन काफी कम हो जाएगा, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।  उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन जनता के पैसे का दुरुपयोग कर गांव-गांव में किसानों को जागरूक करने के लिए जनविश्वास यात्रा निकाल रही है। सरकार को नहीं पता कि किसान कितना जागरूक है। सरकार को जनता के पैसों का दुरुपयोग बंद कर किसानों को तत्काल यूरिया एवं डीएपी खाद उपलब्ध कराना चाहिए।

2 Views
What do you think?

Leave a Reply