-पत्र लेखन प्रतियोगिता में 50 हजार तक पुरस्कार
-कक्षा 6 से 9 के विद्यार्थियों को मिलेगी छात्रवृत्ति
अनोखा तीर, हरदा। भारतीय डाक विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 में विद्यार्थियों के लिए ‘ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता और ‘दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना का आयोजन किया जा रहा है। विभाग ने दोनों योजनाओं के संबंध में सूचना जारी कर विद्यार्थियों से सहभागिता और आवेदन करने की अपील की है।
प्रकृति की रक्षा मेरा संकल् विषय पर पत्र लेख
डाक विभाग की ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता का विषय ‘धरती मां के नाम पत्र- प्रकृति की रक्षा मेरा संकल्प रखा गया है। प्रतियोगिता में दो श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। पहली श्रेणी में 18 वर्ष तक के विद्यार्थी एवं नागरिक पात्र होंगे, जबकि दूसरी श्रेणी में 18 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थी एवं नागरिक भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में अंतरदेशीय पत्र पर अधिकतम 500 शब्द तथा लिफाफे में ए-4 पेपर पर अधिकतम 1000 शब्दों में हस्तलिखित पत्र लिखा जा सकेगा। पत्र हिंदी, अंग्रेजी अथवा क्षेत्रीय भाषा में लिखा जा सकता है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 25 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपये रखा गया है। वहीं राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 25 हजार रुपये, द्वितीय 10 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपये दिया जाएगा। दोनों श्रेणियों से सर्वश्रेष्ठ तीन-तीन प्रविष्टियों को राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयन के लिए भेजा जाएगा।
प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर
डाक विभाग द्वारा दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना के तहत कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह यानी फिलाटेली के प्रति रुचि बढ़ाना है। योजना के अंतर्गत चयनित मेधावी विद्यार्थियों को 6,000 रुपये वार्षिक, अर्थात 1,500 रुपये प्रति तिमाही, छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति की राशि डाकघर बचत खाते के माध्यम से भुगतान की जाएगी। योजना के लिए विद्यार्थी का कक्षा 6 से 9 में अध्ययनरत होना तथा किसी डाकघर में फिलाटेली खाता होना आवश्यक है। यह खाता विद्यार्थी द्वारा किसी भी डाकघर में 200 रुपये जमा कर खुलवाया जा सकता है। स्कूल के प्राचार्य द्वारा भी 500 रुपये से स्कूल का फिलाटेली क्लब खाता खोलकर विद्यार्थियों को योजना में शामिल किया जा सकता है। छात्रवृत्ति के लिए विभाग द्वारा 30 सितंबर 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में 50 से अधिक विद्यार्थी होने पर स्थानीय स्तर पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सामान्य ज्ञान एवं फिलाटेली से संबंधित 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे और परीक्षा की अवधि एक घंटे रहेगी। परीक्षा पूर्णत: नि:शुल्क होगी। छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी आवेदन फार्म एवं विस्तृत नियमों की जानकारी अपने नजदीकी डाकघर से प्राप्त कर सकते हैं। डाक विभाग ने विद्यार्थियों से इन दोनों योजनाओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने की अपील की है।





