Skip to content
Friday, 9 October 2026
हरदा

लगोरी में महर्षि ज्ञानपीठ की टीम करेगी हरदा जिले का प्रतिनिधित्व

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। खेल प्रतिभाओं को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रसिद्ध महर्षि ज्ञानपीठ एक बार फिर जिले का नाम रोशन करने जा रहा है। स्टेट लेवल लगोरी प्रतियोगिता 8 एवं 9 अगस्त को सोहागपुर में आयोजित होने जा रही है। इसमें हरदा जिले का प्रतिनिधित्व महर्षि ज्ञानपीठ की लगोरी टीम करेगी। गौरतलब है कि लगोरी, जिसे पिट्टू के नाम से भी जाना जाता है, एक पारंपरिक भारतीय खेल है। वर्तमान समय में सरकार भी ऐसे पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। इससे हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल सकेगी और बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए टीम आज हरदा से पैसेंजर ट्रेन द्वारा सोहागपुर के लिए रवाना हो गई। रवाना होते समय खिलाड़ियों में विशेष उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों ने टीम को शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। महर्षि ज्ञानपीठ की यह टीम कोच नितिन रामकुचे के मार्गदर्शन में तैयार हुई है। खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ स्वयं को इस स्तर तक पहुंचाया है। कोच ने विश्वास जताया कि टीम प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी। टीम खिलाड़ियो में हिमक्ष राठौर, नैतिक चौहान, पार्थ राठौर, नैतिक मार्सकोले, अरुश, हर्ष, श्रेयाश, राहुल, मोहित, मोहित राठौर, विशाल, नकुल, प्रतीक, तोशीत एवं सौम्य थे। विद्यालय प्रबंधन ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह टीम पूरे हरदा जिले का प्रतिनिधित्व कर रही है। इसलिए सभी खिलाड़ियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। हमें पूर्ण विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन करेंगे। रवाना होते समय खिलाड़ियों के चेहरे पर जोश, आत्मविश्वास और जीत का संकल्प स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। अब सभी की निगाहें इस प्रतियोगिता पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि महर्षि ज्ञानपीठ की टीम शानदार प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित करेगी।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply