Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

हरदा चेंबर ऑफ कॉमर्स का गठन

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। मिशन हैप्पी हरदा के अंतर्गत नर्मदा वैली ट्रस्ट फाउंडेशन के तत्वावधान में किसान भवन, बाहेती कॉलोनी में व्यापारियों, उद्योगपतियों एवं सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य हरदा जिले के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को गति देने के लिए हरदा चेंबर ऑफ कॉमर्स के गठन पर विचार-विमर्श करना था। बैठक की शुरुआत में डॉ. शिरीष अग्रवाल ने चेंबर ऑफ कॉमर्स की भूमिका एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह व्यापारियों, उद्योगपतियों एवं व्यावसायिक संस्थानों का एक ऐसा संगठन है, जिसका उद्देश्य व्यापार, उद्योग एवं आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से व्यापार एवं उद्योग जगत की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने, नीतिगत सुझाव देने तथा औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने का कार्य किया जाता है। समाजसेवी राजीव बाहेती ने कहा कि चेंबर ऑफ कॉमर्स जिले के आर्थिक विकास को नई दिशा देगा तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरगम जैन ने उद्यमिता विकास, कौशल उन्नयन एवं व्यापारिक जागरूकता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। नरेंद्र राठी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन से व्यापारियों एवं किसानों को अधिक लाभ प्राप्त हो सकेगा। वहीं डॉ. एल.एन. पाराशर ने इसे शासन और व्यापारिक समुदाय के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने का सशक्त माध्यम बताया। बैठक में सर्वसम्मति से हरदा चेंबर ऑफ कॉमर्स का गठन किया गया, जिसमें संरक्षक राजीव बाहेती, अध्यक्ष रविलाल पटेल, उपाध्यक्ष श्याम छापरवाल, डॉ. एल.एन. पाराशर एवं संदीप अग्रवाल, सचिव सरगम जैन, सहसचिव डॉ. शिरीष अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष शैलेश साबू का चयन किया गया। कार्यकारिणी में नरेंद्र राठी, अनिल बंसल, लक्ष्मण सिंह राजपूत, नटवर लाल पटेल, कृष्णादास चाचरे एवं राजेश अग्रवाल को शामिल किया गया। रामन क्षेत्रीय संसाधन केंद्र के उमेश शर्मा ने कहा कि चेंबर ऑफ कॉमर्स हरदा में फूड पार्क, कृषि आधारित उद्योगों, औद्योगिक क्षेत्रों के विकास तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजन के प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम में समाजसेवी ओम नारायण शुक्ला, सुनील बागरे, रामशंकर मुकाती, पियूष सोमानी सहित शहर के अनेक प्रमुख व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply