Skip to content
Saturday, 17 October 2026
भोपाल

डीआरएम ने बरखेड़ा, चौका, मिडघाट एवं बुधनी स्टेशनों का किया संरक्षा निरीक्षण

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पंकज त्यागी द्वारा 20 मार्च को रानी कमलापति-बुधनी खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया। साथ ही बरखेड़ा, चौका, मिडघाट एवं बुधनी रेलवे स्टेशनों का व्यापक संरक्षा निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य रेल संचालन की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता का आंकलन करना रहा। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, पुल-पुलियों, रेलवे क्रॉसिंग तथा अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाए। मिडघाट एवं बुधनी जैसे घाट सेक्शन में विशेष रूप से ट्रैक की स्थिति, ढलान वाले क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों तथा ट्रेन संचालन की सतर्कता की समीक्षा की गई। डीआरएम ने कहा कि घाट सेक्शन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यहां अतिरिक्त सतर्कता बरतना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं जैसे प्लेटफॉर्म स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था एवं सूचना प्रणाली का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक सुधार शीघ्र किए जाएं। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित मालवीय सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

79 Views
What do you think?

Leave a Reply