Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 13 मार्च से

2 min read
Text Size:

-28 मार्च आवेदन करने की अंतिम तिथि
-2 अप्रैल को लॉटरी के माध्यम से मिलेगा प्रवेश
अनोखा तीर, हरदा। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत सत्र 2026-27 में निजी स्कूलों की प्रथम प्रवेशित कक्षा में नि:शुल्क प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 13 मार्च 2026 से प्रारंभ होंगे। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 28 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। आर.टी.ई पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन पत्र का प्रारूप एवं निर्देश उपलब्ध कराये गए हैं। निजी विद्यालय में नि:शुल्क प्रवेश के लिए आवेदकों का चयन, ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से 2 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र हरदा ने बताया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत सत्र 2026-27 में निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश के लिए समय-सारिणी जारी कर दी गई है। सत्र 2026-27 के लिए जारी समय सारिणी के अनुसार, नि:शुल्क प्रवेश के लिए मान्यता प्राप्त अशासकीय स्कूलों एवं उनमें उपलब्ध कक्षा की सीट्स का पोर्टल पर प्रदर्शन 09 मार्च 2026 से किया जाएगा। वहीं वंचित समूह एवं कमजोर वर्ग के आवेदक अपना आवेदन, ऑनलाइन प्रक्रिया से 13 मार्च से 28 मार्च 2026 के बीच जमा कर पंजीयन कर सकते हैं। फार्म के साथ पात्रता सम्बंधित कोई भी एक दस्तावेज अपलोड करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदकों को इसी अवधि में त्रुटि सुधार का अवसर भी मिलेगा। दस्तावेजों का सत्यापन 14 मार्च से 30 मार्च की अवधि में संबंधित संकुल केन्द्र वाले स्कूल में अधिकृत सत्यापनकर्ता अधिकारी से करवाना होगा। आवेदक ने आर.टी.ई. में नि:शुल्क प्रवेश के लिये जिस कैटेगरी व निवास क्षेत्र के माध्यम से प्रवेश चाहा है, तत्तसंबंधी कैटेगरी एवं निवास प्रमाण का सत्यापन, संबंधित मूल प्रमाण पत्र से किया जाएगा। लाटरी के पूर्व ही दस्तावेज सत्यापन हो जाने से, आवेदकों को स्कूल आवंटित होने के बाद दस्तावेजों की त्रुटि या अभाव में, एडमिशन निरस्त होने की समस्या उत्पन्न नही होगी।
एसएमएस के माध्यम से मिलेगी जानकारी
ऑनलाइन आवेदन करने में कोई समस्या या कठिनाई होने की स्थिति में संबधित विकासखंड के बीआरसी कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है। ऑनलाइन लॉटरी द्वारा 02 अप्रैल 2026 को छात्रों को निजी स्कूलों में सीट का आवंटन किया जाएगा। लॉटरी प्रक्रिया के उपरांत आवंटित सीट की जानकारी, आवेदक को उसके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर, एसएमएस के माध्यम से प्रदान की जाएगी। ऑनलाइन लॉटरी की सूची आर.टी.ई. पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेगी।

50 Views
What do you think?

Leave a Reply