Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने विधानसभा में उठाए जिले के महत्वपूर्ण मुद्दे

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन हरदा जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार से सवाल किए। उन्होंने जिले में संचालित गिट्टी और मुरम खदानों, उनकी वैधता, रॉयल्टी, पर्यावरण स्वीकृति तथा विगत तीन वर्षों में अवैध खनन के मामलों की जानकारी मांगी। मुख्यमंत्री ने जवाब में बताया कि जिले में रेत की कोई खदान संचालित नहीं है, जबकि 13 गिट्टी और 4 मुरम खदानें चालू हैं। संबंधित विस्तृत जानकारी परिशिष्ट में उपलब्ध कराई गई है। जिला न्यायालय के नवीन भवन निर्माण के संबंध में विधायक ने दान में मिली भूमि पर निर्माण शुरू न होने का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जानकारी एकत्रित की जा रही है। वन विभाग द्वारा पिछले तीन वर्षों में किए गए वृक्षारोपण, व्यय राशि और जीवितता प्रतिशत की जानकारी भी मांगी गई। शासन ने बताया कि विभिन्न वन परिक्षेत्रों में बांस एवं मिश्रित प्रजातियों का रोपण किया गया है, जिनकी जीवितता 70 से 100 प्रतिशत तक दर्ज की गई है। 6 फरवरी 2024 को हरदा पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट के पीड़ितों को मुआवजा, जिम्मेदार अधिकारियों पर की गई कार्रवाई और भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के उपायों पर भी प्रश्न उठाए गए। शासन ने बताया कि कलेक्टर को आरोप पत्र जारी किया गया है तथा प्रकरण परीक्षणाधीन है, जबकि तत्कालीन पुलिस अधीक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रचलन में है। इसके अलावा तलाई टप्पर के पास फोरलेन मार्ग पर अंडरपास निर्माण नहीं होने से जनसुरक्षा की समस्या का मुद्दा भी ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से उठाया गया। विधायक ने शीघ्र अंडरपास निर्माण की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि कई प्रश्नों पर जानकारी एकत्रित की जा रही है जैसे जवाब गंभीर चिंता का विषय हैं।

57 Views
What do you think?

Leave a Reply