बुधनी उप चुनाव में नया मोड़, संभावित दावेदारों के फ्लैक्स से फोटो गायब, बना चर्चा का विषय

schol-ad-1

नहीं थम रहा विरोध, कार्यकर्ताओं का बैठक से वाकआउट, बैठक से नदारद रहे पूर्व निगम अध्यक्ष राजपूत

भैरूंदा। बुधनी विधानसभा उप चुनाव में दिन प्रतिदिन नया मोढ़ आता जा रहा है। एक तरफ तो भाजपा प्रत्याशी के चयन को लेकर शुरु हुआ विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा हैं दूसरी और बुधवार को गोपालपुर व भैरूंदा मंडल की बैठक में मंच पर लगा फ्लैक्स चर्चा का विषय बना रहा। इस फ्लैक्स से विधानसभा चुनाव के लिए संभावित दावेदारों में शुमार पूर्व निगम अध्यक्ष गुरुप्रसाद शर्मा, राजेन्द्र सिंह राजपूत, पूर्व प्रदेश मंत्री रघुनाथ सिंह भाटी व आदिवासी नैत्री निर्मला बारेला का फोटो गायब था। बैठक के दौरान पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत को छोड़कर अन्य सभी नेता मौजूद थे, लेकिन कहीं न कहीं फ्लैक्स को लेकर आम कार्यकर्ताओं व नेताओं में लगातार चर्चा का दौर चलता रहा। पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत के द्वारा किये गए विरोध प्रदर्शन के बाद वह दूसरे दिन बैठक से नदारद रहे। उनका बैठक में नहीं होना भी आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। दबी जुबान से कार्यकर्ताओं में इस बात की चर्चा रहीं कि भाजपा प्रत्याशी भैरूंदा मंडल की बैठक में तो सम्मिलित हुए, लेकिन गोपालपुर मंडल की बैठक में क्यों नहीं पहुंचे। इसके अतिरिक्त वह मंगलवार को आयोजित हुई चकल्दी मंडल की बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे, जिससे यह कयास लगाये जा रहे थे कि कार्यकर्ताओं के विरोध को देखते हुए अभी भाजपा प्रत्याशी ने कार्यकर्ताओं से दूरी बना रखी हैं। उल्लेखनीय हंैं कि भाजपा के द्वारा बुधनी उप चुनाव के लिए किये गए प्रत्याशी चयन के बाद से ही विरोध का दौर शुरु हो गया था। जो अब तक थमने का नाम नहीं ले रहा हैं। केवल भाजपा के कार्यकर्ता ही नहीं बल्कि आम जनता भी सोशल मीडिया पर भाजपा प्रत्याशी का विरोध खुले रूप से कर रही हैं। जिसका नजारा मंगलवार को रामाधीश पैलेस में आयोजित हुई बैठक के दौरान भी देखने को मिला। इस बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं से रूबरू होने आए विधानसभा प्रभारी रामपाल सिंह राजपूत को कार्यकर्ताओं के विरोध के आगे झुकना पड़ा और अपनी बात पूरी होने से पहले ही वह कार्यक्रम स्थल से बैरंग लौट गए। कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशी का विरोध करते हुए राजेन्द्र सिंह राजपूत या किसी अन्य को प्रत्याशी बनाये जाने की मांग करते रहे।

चर्चाओं में फ्लैक्स, क्यों नहीं मिल सकी नेताओं को जगह

भैरूंदा एवं गोपालपुर मंडल की बैठक में मंच पर लगा फ्लैक्स लगातार चर्चाओं में बना रहा। इस फ्लैक्स से विधानसभा उप चुनाव के लिए टिकट की दावेदारी करने वाले क्षेत्रीय नेता पूर्व निगम अध्यक्ष गुरुप्रसाद शर्मा, राजेन्द्र सिंह राजपूत, पूर्व प्रदेश मंत्री रघुनाथ सिंह भाटी, आदिवासी वित्त विकास निगम की अध्यक्ष निर्मला बारेला व रेहटी क्षेत्र के कद्दावर नेता आशाराम यादव की फोटो फ्लैक्स से गायब थी। इसके अतिरिक्त जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर का फोटो भी फ्लैक्स में न होने से मामला गर्म रहा। इसके साथ ही राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा को भी आनन-फानन में फ्लैक्स में सीएम से पहले स्थान दिया गया जो प्रोटोकाल के हिसाब से ठीक नहीं है। बैठक के बाद इस बात पर लगातार चर्चा रहीं कि आखिर क्षेत्रीय नेताओं की अनदेखी क्यों की जा रही हैं।

बैठक में कार्यकर्ताओं की कमी, पूर्व निगम अध्यक्ष सहित समर्थक भी नदारद

भाजपा प्रत्याशी को कार्यकर्ताओं से रूबरू कराने के लिए आयोजित की गई बैठक में जहां कार्यकर्ताओं की कमी देखने को मिली, वहीं पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत अपने समर्थकों सहित बैठक से नदारद रहे। हालांकि सोशल मीडिया पर उन्होंने होलीपुरा निवासी भाजपा नेता माधो सिंह गुर्जर के निधन के कारण किसी भी कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं होने की सूचना दी थी। लेकिन आम लोगों के द्वारा इसके कयास कुछ और लगाएं जा रहे हैं। दूसरी और बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं की अपेक्षित उपस्थिति भी देखने को नहीं मिली। बैठक हाल में 200 कुर्सियां लगाई गई थी वह भी आधी खाली थी।

कांग्रेस सिर्फ माहौल बनाना जानती हैं: कार्तिकेय सिंह 

भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में बैठक को संबोंधित करते हुए भाजपा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान ने कहा कि प्रत्याशी पैनल में आप सब ने एक राय होकर मेरा नाम आगे बढ़ाया तो मैं धन्य हो गया। लेकिन इतने बड़े राजनैतिक पद पर चुनाव लडऩा मेरे लिए ठीक नहीं हैं। एक ही परिवार से दो लोगों का चुनाव लडऩा ठीक नहीं है। आप और हम एक ही परिवार के सदस्य हैं। हममें कोई फर्क नहीं है। हमने आंदोलन से लेकर कई लड़ाई साथ में लड़ी हैं। लेकिन मन में एक बात की तकलीफ हैं कि कांग्रेस के कुछ लोग योजनाबृद्ध तरीके से अपनी विधानसभा का माहौल खराब करने के प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस के पास कार्यकर्ताओं की कमी हैं और यह सब माहौल बनाने का काम करती हैं। लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर काम करता हैं।

Views Today: 2

Total Views: 176

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!