Skip to content
Friday, 16 October 2026
देवास

3 घंटे लुटेरी दुल्हन बताकर घुमाते रहे पुलिसवाले

3 min read
Text Size:


उज्जैन की युवतियों का आरोप- अश्लील बातें की, छोडऩे के लिए मांगे 2 लाख रुपए


देवास।
उज्जैन से माता टेकरी दर्शन करने देवास पहुंची दो युवतियों ने तीन पुलिसकर्मियों पर उन्हें लुटेरी दुल्हन बताकर रुपए मांगने के आरोप लगाए हैं। युवतियों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें निजी वाहन में बैठाया और शहर में करीब 3 घंटे तक घुमाया। फिर उन्हें छोडऩे के लिए दो लाख रुपए की डिमांड की। सौदा एक लाख रुपए में तय हुआ। युवतियों ने मदद के लिए अपनी दीदी को कॉल किया। बहन उज्जैन से देवास पहुंची तो अपने देवास के साथियों की मदद से दोनों बहनों को छुड़ाया। युवतियों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोतवाली थाने में आवेदन दिया है।
इधर, मामला सामने आने के बाद एसपी संपत उपाध्याय ने सिविल लाइन थाने के एएसआई अनिल पांडे और हेड कॉन्स्टेबल रवि परिहार को लाइन अटैच किया है। वहीं इनके साथ शामिल एक होमगार्ड सैनिक अर्जुन पांडे पर कार्रवाई के लिए होमगार्ड कमांडेंट को कहा है। जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।

स्कूटी की चाबी छीनी, कार में बैठाकर चौकी ले गए
एक युवती ने बताया कि हम दोनों करीब शाम 4.30 बजे उज्जैन से देवास वाली माता के दर्शन करने आए थे। रास्ते में एक ढाबे पर रुके। वहां चाय पी रहे थे, तभी तीन पुलिसवाले कार से आए। हमसे पूछताछ करने लगे। हमारी स्कूटी की चाबी छीनकर हमें कार में बैठने को कहा। हम डर गए और बैठ गए। फिर हमें चौकी लेकर आए और 2 लाख रुपए की डिमांड करने लगे। ये तीन पुलिसकर्मी रवि परिहार, अर्जुन पांडे और अनिल पांडे थे।
हमने पूछा- किस बात के पैसे तो कहा- कि तुम लुटेरी दुल्हन का काम करती हो और फिर गंदी बातें करने लगे। मेरी दोस्त से भी अश्लील बातें की। पैसों को लिए हमने हमारी परिचित दीदी को उज्जैन फोन लगाया। उन्हें पूरी बात बताई। पुलिसवाले ने हमें छोडऩे के लिए 1 लाख रुपए में बात पक्की की। जब तक दीदी पैसे लेकर देवास नहीं आई, तब तक पुलिसवाले हमें शहर में घुमाते रहे।

आरोपी थाने के बाहर युवतियों को छोडक़र भागे
पैसे लेकर देवास पहुंची युवतियों की दीदी ने बताया कि बहनों का फोन आने के बाद वो अपने पति के साथ देवास पहुंची। वहां उन्होंने अपने परिचितों से हिंदू संगठनों को सूचना दी। इसके बाद युवतियों के परिजन और हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ता इसकी शिकायत लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे। इस बात की जानकारी पुलिसकर्मियों को लगी तो वो युवती को थाने के बाहर छोडक़र भाग गए। इसके बाद मामले में कोतवाली थाने में आवेदन देकर करवाई की मांग की गई है। युवतियों ने मांग की है कि तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जाए।

एसपी ने सीएसपी को जांच सौंपी
एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि सिविल लाइन थाने में पदस्थ एक एसआई अनिल पांडे और हेड कॉन्स्टेबल रवि परिहार एक युवक की शिकायत पर एक लुटेरी दुल्हन की तलाश कर रहे थे। इस मामले को लेकर उन्होंने किसी सीनियर अधिकारी को जानकारी नहीं दी। इस वजह से मामला संदेहास्पद है। शहर के सीएसपी दिशेष अग्रवाल को जांच सौंपी गई है।

424 Views
What do you think?

प्रशांत शर्मा

संपादक ANOKHATEER.COM मध्यप्रदेश शासन द्वारा अधिमान्यता प्राप्त हरदा जिले के सबसे युवा पत्रकार है जो लगातार 12 वर्षो से पत्रकारिता से जुड़े हर विभाग में अपनी सेवाए देते आ रहे है।

All posts by प्रशांत शर्मा (135)

Leave a Reply