
यात्रा के साथ निकली भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकिया
बोल बम के जयकारों के साथ शिव भजनों पर झूमते दिखे श्रृद्धालु
अनोखा तीर, हरदा। रविवार को हजारों कावड़ यात्रियों ने शहर में प्रवेश किया। कावड़ियों के बोल बम के जयकारे से शहर गूंज उठा। धर्म रक्षा समिति के 15 लोगों ने १९ वर्ष पूर्व कावड़ यात्रा की शुरूआत की थी। दो दिवसीय कांवड़ यात्रा नेमावर के सिद्धनाथ महादेव मंदिर से शुरू हुई, जो देर शाम को हरदा पहुंची। यात्रा में नर्मदा के भक्त निराहार महाव्रत करनेे वाले संत दादा गुरु भी शामिल हुए। कांवड़ यात्रा में भगवान भोलेनाथ की आकर्षक पालकी भी सजाई गई जो लोगों में आकर्षण का केन्द्र रही। बड़ी संख्या में कांवड़िये बोल बम के जयकारे लगाते हुए भोलेनाथ के भजनों पर झूमते हुए नजर आए। इस दौरान जगह-जगह कावड़ यात्रा का स्वागत हुआ। बीते 19 सालों से निकल रही कावड़ यात्रा में करीब डेढ़ हजार से भी अधिक शिव भक्त एवं श्रद्धालु शामिल हुए। सोमवार को 62 किमी की पैदल यात्रा कर ग्राम चारुवा के प्राचीन गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर यात्रा समाप्त होगी। यहां श्रद्धालु नर्मदा जल से गुप्तेश्वर महादेव का जलाभिषेक करेंगे। कावड़ यात्रा के साथ देवास जिले की खातेगांव-कन्नोद विधानसभा से विधायक आशिष शर्मा भी यात्रा में मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व मंत्री कमल पटेल ने यात्रा की अगुवाई की। शहर में जगह-जगह कावड़ यात्रा का भव्य स्वागत कर पुष्प वर्षा की गई। कावड़ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए चारुवा के गुप्तेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुई। स्टेट हाईवे पर स्थित ग्राम कांकरिया में कावड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु भोजन और रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद सावन मास के चौथे सोमवार सुबह को ग्राम चारुवा के प्राचीन गुप्तेश्वर मंदिर के लिए रवाना होंगे, जहां सभी कावड़ियों के द्वारा नर्मदा नदी के पवित्र जल से भगवान गुप्तेश्वर का जलाभिषेक किया जाएगा। समिति के अनुसार लगातार 19वें साल कावड़ यात्रा निकाली जा रही है। धर्म रक्षा समिति के सुभाष शर्मा ने बताया कि धर्मरक्षा के उद्देश्य से 19 साल पहले भाई श्याम शर्मा ने कावड़ यात्रा शुरू की थी। श्री शर्मा ने बताया कि क्षेत्र की खुशहाली, समृद्धि एवं किसानों की अच्छी फसल की कामना को लेकर धर्म रक्षा समिति हर साल सावन के महीने में कावड़ यात्रा निकालती आ रही है।

Views Today: 2
Total Views: 260

