Skip to content
Sunday, 11 October 2026
हरदा

तीन सड़कों के निर्माण कार्य की जांच शुरू  

3 min read
Text Size:

 

गुणवत्ता पर उठे सवाल……

सड़क की गुणवत्ता खराब होने की मिली थी शिकायत, परिणामस्वरूप …..

 

अनोखा तीर, हरदा। शहर के विभिन्न वार्डो में सड़कों का कायाकल्प करने का सिलसिला जारी है। परंतु, इस बीच कुछ वार्डो में सड़क की गुणवत्ता का मामला गर्मा गया है, वहीं उनके निर्माण दौरान की गई मॉनीटरिंग पर भी सवाल दागे जा रहे हैं। हालांकि मामला शिकवा-शिकायतों तक पहुंचते ही प्रशासनिक अधिकारी के निर्देश पर नपा अधिकारी सहित तमाम जिम्मेदार अधिकारी हरकत में आ गए हैं। वहीं संबंधित ठेकेदारों को सख्त हिदायत भी दी जा रही है। उन्हें निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरा करने के लिये पाबंद किया जा रहा है। इतना ही नही, शहर की जिन सड़कों की गुणवत्ता सवालों में घेरे में आई है, वे सब अब जांच के दायरे में आ चुकी हैं। इस संबंध में मुख्य नपा अधिकारी जीके यादव ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यो में गुणवत्ता को शीर्ष पर रखा है। इसके लिये उपयंत्री समेत अन्य जिम्मेदारी अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए हैं। वहीं वरिष्ठ अधिकारी से प्राप्त निर्देशों के आधार पर शहर की तीन सड़के गुर्जर बोर्डिंग, सांई आर्या तथा पीलियाखाल के पास निर्माणाधीन अथवा हाल ही में संपन्न निर्माण कार्य की लोक निर्माण विभाग के ई जांच करेंगे। श्री यादव ने यह भी बताया कि जिन सड़कों को लेकर शिकायतें मिली हैं, उनका भुगतान नही हुआ है। संपूर्ण जांच उपरांत वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। इसके बाद जो भी निर्देश मिलेंगे, उसका पालन किया जाएगा।

…ओर उखड़ने लगी गिट्टीयां

उल्लेखनीय है कि गुर्जर बोर्डिंग पर संघ कार्यालय के पास करीब 4-5 महिने पहले सड़क का निर्माण हुआ था, जो कम समय में जगह-जगह से उखड़ने लगा। जिसको लेकर स्थानीय लोगों ने अपनी नाराजगी जताई। वहीं 21 फरवरी को जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर ऋषि गर्ग को इस समस्या से अवगत कराया था।

शिकायत के बाद हुआ डामरीकरण

वार्डवासियों की शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर श्री गर्ग ने नपा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश प्रदान किए थे। इसके बाद संबंधित ठेकेदार ने सड़क पर डामर की लेयर चढ़ाई है। लेकिन लेयर की मौटाई को ेलकर वार्डवासी असंतुष्ट दिखे। हालांकि ये सब ठेकेदार ने अपने स्वयं के खर्च पर करना बताया जा रहा है।

जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

बता दें कि निर्माण कार्य को लेकर उठे तमाम सवालों के परिणामस्वरूप मामला जांच तक पहुंच गया है। अब जांच अधिकारी संबंधित सड़कों की जांच करेंगे, वहीं यह सुनिश्चित करेंगे कि सड़क तय मापदंड के अनुरूप बनी है या नही। यह तो जांच का विषय है। इधर, जांच की बात सामने आने के बाद वार्डवासियों की नजरें उसकी रिपोर्ट पर टिकी हैं।

 

इनका कहना …

पीडब्ल्यूडी के इंजिनियर को जांच का जिम्मा मिला है। जो कि आवश्यक जानकारी हासिल करने के अलावा मौके पर जाकर निर्माण कार्य की जांच करेंगे।

जीके यादव, मुख्य नपा अधिकारी

138 Views
What do you think?

Leave a Reply