देवास। शहर में शुक्रवार को बड़ी घटना घटित हो गई। सुबह करीब 11 बजे अज्ञात कारणों से डिस्पोजल कंपनी में भीषण आग लग गई। जिससे दम घुटने से 2 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 2 झुलस गए हैं। यह हादसा औद्योगिक क्षेत्र स्थित आराध्या डिस्पोजल प्राइवेट कंपनी में हुआ है। जेसीबी से दीवार तोडक़र मजदूरों को निकाला गया। दोपहर 2 बजे 7 दमकलों ने आग पर काबू पाया। बताया जा रहा कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी है, हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। कम्पनी में रोज की तरह मजदूर रात की ड्यूटी करके सो रहे थे। इसी दौरान आग लगी। इसमें सोनू चौधरी पिता रमेश (24) और पप्पू परमार (30) की मौत हो गई। जबकि आग की चपेट में आए महेश वर्मा और बहादुर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों को इंदौर रेफर कर दिया है। ये चारों श्रमिक पानखेड़ी के रहने वाले हैं।

हादसे में झुलसे युवक ने बताया कि हम चारों पानखेड़ी गांव के निवासी हैं। गुरुवार रात हमारी नाइट ड्यूटी थी। इसके बाद सुबह लौटे तो सो गए। करीब 11 बजे अचानक आग की तपन से जागे। हम चारों तरफ धुएं से घिरे थे। हमारे 2 साथियों में कोई हलचल नहीं दिखाई दी। जबकि एक साथी बेहोशी की स्थिति में था। कुछ देर बाद मैं भी बेहोश गया। 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है।
Views Today: 2
Total Views: 114

