Skip to content
Wednesday, 14 October 2026
हरदा

पानी के लिए प्रदर्शन …. धरना पर किसान ! मांगा अपने हक का पूरा पानी

2 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर, हरदा/टिमरनी। जिले की अपेक्षा सिवनी मालवा एवं इटारसी संभाग को डेढ़ गुना ज्यादा पानी मिल रहा है। जबकि हरदा जिले को उसके हक का पूरा पानी ना पहले मिला और ना ही वर्तमान में मिल रहा है। जो कहीं ना कहीं अंतिम पंक्ति में खड़े किसान की ज्वलंत समस्या है। जिसकी मांग हर स्तर पर कर चुके हें। परंतु सुधार के बजाय केवल समय निकालने पर ध्यान दिया जा रहा है। यही कारण है कि सिंचाईं व्यवस्था के शुरूआती दौर में ही किसानों को आंदोलन की राह अपनानी पड़ी। यह बातें टिमरनी में धरने पर बैठे भारतीय किसान संघ के जल संसाधन विभाग प्रभारी दीपचंद नवाद ने कही। उन्होंनें दावा किया कि इस बार तवा परियोजना की जल वितरण व्यवस्था लड़खड़ा गई है। जिसका समय रहते सुधार नही हुआ तो इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ेगा। वहीं जिन किसानों के खेतों में अब तक पानी नही पहुंचा, उनकी परेशानी ओर ज्यादा बढ़ेगी। इसलिये जरूरी है कि जिले को 3008 जल वितरण बिन्दू से पर्याप्त पानी छोड़ा जाएं, तब कहीं सिंचाईं व्यवस्था पटरी पर लौट सकेगी। उन्होंनें आंकडे साझा करते हुए कहा कि वर्तमान में असमान जल वितरण व्यवस्था हावी है। सिवनी मालवा संभाग एवं इटारसी संभाग का घोषित रकबा 32000 हेक्टेयर है। जबकि हरदा जिले का घोषित रकबा 37760 है। बावजूद इटारसी एवं सिवनी मालवा में हरदा से डेढ़ गुना पानी चलाया जा रहा है । यहां सवाल उठता है कि क्या यही तवा बांयी मुख्य नहर की जल वितरण व्यवस्था है ? जबकि तवा बांयी तट मुख्य नहर अंतर्गत चारों संभाग के बीच पारदर्शी जल वितरण व्यवस्था की जरूरत है। धरना में भारतीय किसान संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष नरेंद्र दोगने, विनोद पाटिल, विजय मलगाया, श्याम पाटिल, दीपचंद नवाद, रेवाशंकर दोगने, राजेश डूडी, कुंवर सिंह राजपूत, जितेंद्र राजपूत, विष्णु प्रसाद यदुवंशी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

135 Views
What do you think?

Leave a Reply