Skip to content
Tuesday, 24 November 2026
हरदा

वृद्धजन दिवस पर बुजुर्गों ने दिखाया उत्साह

3 min read


-100 वर्ष पूर्ण करने वाले वृद्धजन का हुआ सम्मान

अनोखा तीर, हरदा। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को सामाजिक न्याय एवं वृद्ध आश्रम संचालन समिति सार्थक सेवा आश्रय समिति के संयुक्त तत्वावधान द्वारा स्थानीय वृद्धाश्रम भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समिति अध्यक्ष बलराम काले ने बताया कि कार्यक्रम में वृद्धजनों के सम्मान के साथ विभिन्न मनोरंजक एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें वृद्धजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव,  दर्शनसिंह गहलोत जिला पंचायत उपाध्यक्ष, अंशुल गोयल नगर पालिका उपाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा वृद्धजनों का माल्यार्पण एवं सम्मान कर किया गया। इस अवसर पर 100 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले चांद बी को शतायु सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें श्रीफल एवं सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। इसके बाद वृद्धजनों के लिए चम्मच दौड़ एवं कुर्सी दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वृद्धजनों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्रतियोगिताओं में विजेता रहे वृद्धजनों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया जिसमें चम्मच दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम कांतीराम बोझ पटेल, द्वितीय क्रांति दीक्षित और तीसरे नंबर पर सावित्री दादी रहीं, वहीं पुरुष वर्ग में श्याम लाल प्रथम स्थान पर, द्वितीय स्थान पर हरिराम मेघवाल एवं तृतीय स्थान पर सोहनलाल रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने वृद्धजनों से संवाद करते हुए उनके अनुभवों को सुना तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की। आयोजन में वृद्धजनों के प्रति समाज में सम्मान, अपनत्व और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।
वृद्धजनों का किया स्वास्थ्य परीक्षण
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। कार्यक्रम में गायत्री परिवार की भी सहभागिता रही। कार्यक्रम में आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, माही जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के विशेषज्ञ द्वारा परीक्षण भी किया गया एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें स्वयंसेवक अंकिता गायकवाड़, तनीषा चौहान, अवंतिका राठौर, साधना बरैया, ऋषिका, पलक, पारस लोवंशी, प्रीतम नागोरे, विवेक कुशवाह, नकुल राठौर शामिल रहे। इस अवसर पर सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक सहित विभाग का संपूर्ण स्टाफ एवं समिति के भागवत सिंह राजपूत, सुरेंद्र तोमर एवं अन्य उपस्थित थे। पूरे आयोजन में वृद्धजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और कार्यक्रम का वातावरण आत्मीयता एवं सम्मान से सराबोर रहा।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply