–हितग्राहियों को मिले हितलाभ, आमजन की समस्याओं का हुआ निराकरण

अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को टिमरनी विकासखंड के ग्राम करताना में क्लस्टर स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किए गए। साथ ही आमजन की समस्याओं का निराकरण किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य ललित पटेल व रेखा बड़ोदिया, ग्राम सरपंच, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक शशांक, भारतीय वन सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी विशाल, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत प्रवीण इवने, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा, एसडीएम टिमरनी शैलेन्द्र बड़ोनिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि शिविर स्थल पर फार्मर रजिस्ट्री, समग्र व आधार में सुधार, आयुष्मान कार्ड तैयार करने जैसे कार्य किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण अपने कार्य स्थानीय स्तर पर करा सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सहकारी समिति में अपनी सदस्यता अवश्य लें ताकि उर्वरक सुगमता से मिल सके। कलेक्टर ने बताया कि शिविर में ग्रामीणों से 559 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका समय सीमा में निराकरण कराया जा रहा है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शशांक ने आमजन से दुपहिया वाहन पर हेल्मेट लगाने एवं कार में सीट बेल्ट अवश्य उपयोग करने की अपील की ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचने के लिए भी आमजन को जागरूक किया।
हितग्राहियों को किया हितलाभ वितरण
ग्राम करताना में आयोजित क्लस्टर स्तरीय जन विश्वास शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के हितलाभ का वितरण किया गया। इस दौरान जनजातीय कार्य विभाग व जिला अंत्यावसायी विभाग द्वारा संचालित संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत पवन जाखड़ को कंप्यूटर सेंटर के लिए 1 लाख 70 हजार रुपए, दिनेश को किराना व्यवसाय के लिए 3 लाख 70 हजार रुपए, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के तहत डालूराम अटेरिया को जनरल स्टोर्स के लिए 50 हजार रुपए तथा टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के तहत सुनीताबाई आनंद को मनिहारी के लिए 50 हजार रुपए के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इसी प्रकार पशुपालन विभाग द्वारा तीन हितग्राहियों को कुल 2.43 लाख रुपए किसान क्रेडिट कार्ड स्वीकृति पत्र, उद्यानिकी विभाग द्वारा बागवानी यंत्रीकरण योजना के तहत रामदास कन्हैयाल उइके को मिनी ट्रैक्टर के लिए 2 लाख 45 हजार रुपए तथा नवीन बगीचे की स्थापना हेतु ओमप्रकाश हरिओम जाट को 50 हजार रुपए के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा उद्यम क्रांति योजना के तहत हितग्राही धर्मेंद्र राजपूत को कपड़ा व्यवसाय के लिए 1 लाख 70 हजार रुपए तथा संजय को फुटवेयर व्यवसाय के लिए 4 लाख 25 हजार रुपए के स्वीकृति पत्र प्रदाय किए गए। श्रम विभाग अंतर्गत अनुग्रह सहायता योजना के तहत कलवंतीबाई को 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता तथा हितग्राही अनिल कोरकू को संबल पंजीयन कार्ड, सामाजिक न्याय विभाग अंतर्गत 2 हितग्राहियों को वृद्धावस्था पेंशन तथा एक हितग्राही को कल्याण पेंशन योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत आरोही पिता आनंद तथा अनन्या पिता सतीश को स्वीकृति पत्र तथा मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा सती पार्वती आजीविका समूह को 6 लाख, कन्हैया आजीविका समूह को 3 लाख तथा महालक्ष्मी आजीविका समूह को 1 लाख 50 हजार रुपए के बैंक लिंकेज प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसी प्रकार राजस्व विभाग द्वारा हितग्राही हेमराज, कृष्णाबाई व प्रेमबाई को नामांतरण प्रमाण-पत्र तथा हितग्राही विनय सिंह को बंटवारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
स्कूल से अनुपस्थित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अबगांवखुर्द, सोनखेड़ी व गोंदागांवकला में शासकीय स्कूलों का निरीक्षण कर वहां शिक्षण व्यवस्थाएं देखीं एवं बच्चों के होमवर्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान स्कूल परिसर में शौचालय का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्राम अबगांवखुर्द के स्कूल में शिक्षण समय के दौरान शिक्षक चंद्रगोपाल बांके व सुश्री इंदिरा पालीवाल स्कूल में मौजूद नहीं पाए गए। इस पर कलेक्टर ने स्कूल के प्राचार्य सहित दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि उत्तर संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम गोंदागांव कला में आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों की एक्टिविटी, उपस्थिति व अन्य जानकारी ली। इस दौरान बच्चों ने कलेक्टर को कविताएं सुनाई, जिसकी कलेक्टर ने सराहना की।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी
क्लस्टर स्तरीय शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागों में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। इस दौरान उद्योग विभाग द्वारा उद्यम संवाद कार्यक्रम के तहत उद्यमियों से संवाद किया गया। इस दौरान एमएसएमई के हितग्राही धर्मेंद्र राजपूत, संजय, ज्योति केटल फीड तजपुरा के उदय सिंह तोमर ने अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के स्टाल भी लगाए गए थे। साथ ही आधार कार्ड पंजीयन शिविर, स्वास्थ्य शिविर, फार्मर आईडी बनाने हेतु राजस्व शिविर भी आयोजित किए गए थे।





