अनोखा तीर, हरदा। जिले के टिमरनी तहसील मुख्यालय पर शुक्रवार को रेलवे गेट क्र 208 बंद करने के विरोध में वार्ड 1 और 2 के रहवासियों ने धरना प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार टिमरनी नगर में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। इसी के चलते रेलवे विभाग ने स्थानीय एवं जिला प्रशासन की अनुमति के बाद रेलवे गेट 208 को बंद करने का निर्णय लिया है। धरना दे रहे वार्डवासियों की मुख्य मांग है कि एक रेलवे फुट ओवरब्रिज का शीघ्र निर्माण किया जाए और अंडरब्रिज में बारिश के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था हो। उन्होंने यह भी मांग की कि जब तक नया वैकल्पिक मार्ग नहीं बनता, तब तक पूर्व में बंद किए गए रेलवे गेट को आवागमन के लिए खोला जाए। यह धरना प्रदर्शन लगभग दो घंटे तक चला। मौके पर पहुंचे तहसीलदार देवशंकर धुर्वे ने वार्डवासियों से ज्ञापन लिया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि प्रशासन उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए उनके साथ बैठकर चर्चा करेगा। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में वे बड़े पैमाने पर रेल रोको आंदोलन करेंगे। धरना प्रदर्शन के दौरान रेलवे पुलिस, टिमरनी थाना पुलिस और राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे। विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष, बच्चे और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
टिमरनी में रेलवे गेट बंद करने के विरोध में वार्डवासियों का धरना प्रदर्शन

0 Views




