भदोंना पहाड़ स्थित श्री सिद्धेश्वर आश्रम में जिला प्रधानाचार्य बैठक संपन्न

अनोखा तीर, दतिया। ग्राम भारती शिक्षा समिति, जिला दतिया द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की एक दिवसीय जिला प्रधानाचार्य बैठक श्री सिद्धेश्वर आश्रम, भदोंना पहाड़ पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रमोद पुजारी ने की। बैठक को संबोधित करते हुए सह प्रांत प्रमुख रामदयाल लहरपुरे ने कहा कि विद्याभारती के कार्यकर्ता समर्पित भाव से विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त शिक्षा, कौशल विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिशु वाटिका तथा तकनीकी शिक्षा प्रदान करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रवेश अभियान, संस्कृति ज्ञान परीक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विस्तार से चर्चा की। प्रांतीय सह सचिव मनोज दीबोलिया ने छात्र संख्या, विद्यालय संसाधन और सामाजिक सहयोग से जुड़े विषयों पर जानकारी दी। जिला सचिव सुरेश रावत ने शुल्क संरचना, शुल्क संग्रह, फर्नीचर और कंप्यूटर व्यवस्था पर चर्चा की। जिला प्रमुख राजेंद्र सिंह ठाकुर ने विद्यालय की दिनचर्या, पाठ्यक्रम विभाजन, बालसभा, पौधरोपण, जल संरक्षण, संस्कृति ज्ञान परीक्षा, सदस्यता अभियान, सरस्वती संस्कार केंद्र, पंच परिवर्तन तथा गुरु पूर्णिमा उत्सव सहित विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथियों का परिचय संकुल प्रमुख संजय सिंह रावत ने कराया। अतिथियों का स्वागत रामप्रसाद राठौर, नंदराम बघेल और संतोष गुप्ता ने किया। बैठक में जिला समिति के पदाधिकारी, संकुल प्रमुख, प्रधानाचार्य एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सहभोज और शांति मंत्र के साथ बैठक का समापन हुआ।

0 Views

Leave a Reply