-करताना में 5 एमवीए और नयागांव में 3.15 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर लगा
अनोखा तीर, करताना। विद्युत वितरण कंपनी ने विद्युत उपकेंद्रों पर बढ़ते लोड को देखते हुए नए पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किए हैं, जिससे गर्मी के मौसम में क्षेत्र के गांवों में होने वाली वोल्टेज की समस्या का समाधान हो सकेगा। गर्मी के मौसम में मूंग फसल की सिंचाई के लिए बड़ी संख्या में मोटर चलने से बिजली की मांग बढ़ जाती है। इसके साथ ही घरेलू फीडरों पर भी अतिरिक्त लोड आने से उपभोक्ताओं को कम वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के समाधान के लिए उपकेंद्र करताना में 3.15 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर के स्थान पर 5 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर लगाया गया है। अब उपकेंद्र करताना में विद्युत आपूर्ति के लिए तीन-तीन 5 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर उपलब्ध हैं, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु रहेगी। वहीं, उपकेंद्र नयागांव से नयागांव, गाडामोड़ और धौलपुर गांव के घरेलू एवं कृषि पंप फीडरों का संचालन होता है। यहां पहले केवल एक 5 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर होने से अधिक लोड के कारण वोल्टेज की समस्या बनी रहती थी। अब उपकेंद्र नयागांव में अतिरिक्त 3.15 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।




