विदिशा रेलवे स्टेशन का 29.46 करोड़ से हुआ कायाकल्प

 


-यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
अनोखा तीर, भोपाल। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विदिशा रेलवे स्टेशन का लगभग 29.46 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास और आधुनिकीकरण कार्य पूरा हो गया है। भोपाल मंडल के एनएसजी-3 श्रेणी के इस स्टेशन पर प्रतिदिन 13 हजार से अधिक यात्री आवागमन करते हैं, जिन्हें अब आधुनिक यात्री सुविधाओं का लाभ मिलेगा। विदिशा रेलवे स्टेशन ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यह साँची और उदयगिरि जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रमुख रेल प्रवेश द्वार भी है। पुनर्विकास के बाद स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह आधुनिक हो गया है। योजना के तहत स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार और सौंदर्यीकरण किया गया है, जिससे यात्रियों और वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम हुई है। प्लेटफॉर्म क्र.1, 2, 3 और 4 पर आधुनिक कवर ओवर शेड तैयार किए गए हैं तथा शेड का विस्तार कर यात्रियों को धूप और बारिश से बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। स्टेशन भवन के बाहरी और आंतरिक हिस्सों का आधुनिकीकरण किया गया है। प्रतीक्षालयों और शौचालयों का उन्नयन कर उन्हें अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया गया है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार का विकास किया गया है। इसके अलावा 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज बनाया गया है, जिससे प्लेटफॉर्मों के बीच सुरक्षित और सुगम आवागमन संभव हो सके। स्टेशन पर नया भवन भी तैयार किया गया है, जिसमें आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध हैं। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर रैंप, टैक्टाइल पाथ, सुगम प्रवेश मार्ग सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। वहीं स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर आधुनिक प्रकाश व्यवस्था भी स्थापित की गई है। रेलवे के अनुसार, पुनर्विकसित विदिशा रेलवे स्टेशन यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। साथ ही इससे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, निवेश और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

0 Views

Leave a Reply