अनोखा तीर, भोपाल। बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने तथा राष्ट्रव्यापी पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में 28, 29 एवं 30 जून 2026 को विशेष पल्स पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह अभियान डीआरएम पंकज त्यागी के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय डोगरा के निर्देशन में संचालित होगा। पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत भोपाल मंडल में कुल 22 पोलियो टीकाकरण बूथ स्थापित किए गए हैं। मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों भोपाल, इटारसी, बीना, गुना, गंजबासौदा सहित अन्य स्टेशनों पर टीकाकरण बूथ संचालित किए जाएंगे, जहां 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों के बच्चों तक अधिकतम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष मोबाइल टीमें भी गठित की गई हैं। ये टीमें बीना दिशा में संचालित झेलम एक्सप्रेस, पंजाब मेल, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस एवं राजकोट एक्सप्रेस तथा इटारसी दिशा में संचालित कर्नाटक एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस एवं उज्जैन दिशा में संचालित मालवा एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों में यात्रा कर रहे बच्चों को चलती ट्रेनों में पोलियो की दवा पिलाएंगी। इसके अतिरिक्त मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले रेल कर्मचारियों तथा आसपास के नागरिकों के बच्चों की सुविधा के लिए पैसेंजर ट्रेनों एवं रेलवे कॉलोनियों में भी विशेष टीकाकरण व्यवस्था की गई है। पैसेंजर ट्रेनों के माध्यम से प्रत्येक स्टेशन पर रुक-रुक कर बच्चों को पोलियो की खुराक उपलब्ध कराई जाएगी। रेल प्रशासन ने सभी रेल कर्मचारियों, यात्रियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को इस अभियान के दौरान पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं और पोलियो मुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
भोपाल मंडल में 28 जून से चलेगा पल्स पोलियो अभियान

0 Views




