अनोखा तीर, हरदा। मोटे अनाज को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र हरदा द्वारा ग्राम कुकड़ापानी, विकासखंड खिरकिया में 26 जून को कृषक प्रक्षेत्र परीक्षण आयोजित किए गए। पांच कृषक महिलाओं के खेतों में बाजरा के प्रदर्शन प्लॉट लगाए गए। केंद्र प्रमुख डॉ. संध्या मुरे ने किसानों को बाजरा की उन्नत खेती, बीज बुवाई की वैज्ञानिक विधि, उचित पौध दूरी, पोषण प्रबंधन तथा फसल देखभाल की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सुश्री जागृति बोरकर ने बाजरा के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि बाजरा आयरन, कैल्शियम एवं फाइबर से भरपूर होता है तथा इसके नियमित सेवन से पोषण स्तर में सुधार होता है। उन्होंने बताया कि बाजरा की किस्म ‘धन शक्तिÓ लोह तत्व एवं जिंक से भरपूर होने के साथ कम लागत में अधिक लाभ देने वाली किस्म है। डॉ. संध्या मुरे ने बताया कि इन परीक्षणों का उद्देश्य जिले के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में श्री अन्न का रकबा पुन: बढ़ाना तथा कुपोषण की समस्या को दूर करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों में बाजरा की फसल किसानों के लिए लाभप्रद सिद्ध हो सकती है।
श्री अन्न बाजरा को बढ़ावा देने कुकड़ापानी में कृषक प्रक्षेत्र परीक्षण आयोजित

0 Views




