शैक्षणिक भ्रमण

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं करियर उन्मुख पहल
अनोखा तीर, भोपाल। शासकीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विज्ञान एवं वाणिज्य महाविद्यालय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा बुधवार 17 दिसम्बर को सेज यूनिवर्सिटी, भोपाल का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। यह भ्रमण महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शालिनी सक्सेना के संरक्षण एवं कैरियर सेल प्रभारी डॉ. आशा वर्मा तथा उनकी टीम के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की वर्तमान प्रणाली, नवीन शैक्षणिक पाठ्यक्रमों, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों एवं रोजगारोन्मुखी अवसरों से अवगत कराना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को सेज यूनिवर्सिटी के विशाल एवं सुसज्जित परिसर का अवलोकन कराया गया, जिसमें अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, डिजिटल एवं भौतिक पुस्तकालय, स्मार्ट क्लासरूम, अनुसंधान केंद्र तथा नवाचार एवं उद्यमिता से जुड़े विभाग शामिल रहे। यूनिवर्सिटी के विभिन्न संकायों के विशेषज्ञों एवं करियर काउंसलर्स अभिषेक ठाकुर एवं सत्यम नेमा द्वारा विद्यार्थियों को शोध की संभावनाओं, स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम्स, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट प्रक्रिया तथा उद्योग, शिक्षा समन्वय की विस्तृत जानकारी दी गई। संवादात्मक सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने करियर से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं प्रेरक ढंग से किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार बदलते समय के अनुसार कौशल विकास, तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक प्रशिक्षण उनके भविष्य को सशक्त बना सकता है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। इस शैक्षणिक भ्रमण में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ इला जैन डॉ.नीतूप्रिय लाछोरिया, डॉ.सरला पटेल, डॉ दिनेश डहारे, डॉ.कुल्हार कैरियर सेल के सदस्य एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने इस आयोजन को अत्यंत लाभकारी, प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक बताते हुए महाविद्यालय प्रशासन एवं मार्गदर्शक शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।  यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक एवं करियर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सफल प्रयास सिद्ध हुआ।

167 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!