मुख्यमंत्री ने नरसिंहपुर, मुलताई, टिमरनी और नर्मदापुरम में प्रत्याशियों के समर्थन में की चुनावी सभा और रोड शो  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

टिमरनी में भाजपा प्रत्याशी संजय शाह के पक्ष में आमसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री

 नर्मदापुरम में भाजपा प्रत्याशी सीताशरण शर्मा के पक्ष में किया रोड-शो

नरसिंहपुर में आमसभा को संबोधित करने से पहले कन्याओं का किया मुख्यमंत्री ने चरण पूजन

मुलताई में भाजपा प्रत्याशी चंद्रशेखर देशमुख के पक्ष में मतदान करने की अपील की

अनोखा तीर, टिमरनी/ मुलताई/ नरसिंहपुर/ नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को नरसिंहपुर से भाजपा प्रत्याशी और केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल का नामांकन दाखिल कराया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रहलाद जी एक नया इतिहास रचेंगे। वहीं श्री चौहान ने नर्मदापुरम में रोड शो कर नरसिंहपुर, मुलताई और टिमरनी में विशाल चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान सीएम शिवराज ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की विकृत मानसिकता देखिए उन्हें कन्या पूजन नाटक-नौटंकी लगती है। सीएम ने कहा कि बेटियों का पूजन दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के लिए नाटक-नौटंकी होगी, लेकिन मेरे लिए यह जीवित जागृत देवियां है। मैं हर कार्यक्रम से पहले कन्या पूजन करता हूं और करता रहूंगा। सीएम शिवराज ने नरसिंहपुर में प्रहलाद पटेल, मुलताई में चंद्रशेखर देशमुख, टिमरनी में संजय शाह और होशंगाबाद में सीताशरण शर्मा के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा को जिताने की अपील की।

कांग्रेस की विकृत मानसिकता

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की विकृत मानसिकता देखकर मुझे वह प्रसंग याद आता है जब सीता जी का हरण हुआ तो सीता जी ने हरण करते समय अपने गले से मोती की माला नीचे फेंक दी थी, ताकि पता चल जाए सीता जी को रावण किस दिशा में ले गया। जब भगवान राम पहुंचे तो मोती बिखरे हुए मिले। उन्होंने लक्ष्मण जी से पूछा, ये मोती सीता जी की माला के है..? तब लक्ष्मण जी ने उत्तर दिया, भैया मैंने तो सीता मैया का चेहरा, गला कभी देखा ही नहीं, मैंने तो केवल उनके चरण देखे इसलिए मुझे पता नहीं है। यह भाव भारत का है और यही भाव शिवराज सिंह चौहान का है कि हमने तो अपनी बहनों के पांव देखे हैं। दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ये माताओ-बहनों को आइटम और टंचमाल कहने वाले इनकी हैसियत है कि हमसे आंखें मिलाकर बात कर सकें। भारत की संस्कृति, परंपराओं और सनातन धर्म का अपमान करने वाले लोग कभी देश और प्रदेश का भला नहीं कर सकते।

कांग्रेस अब कपड़ा फाड़ कांग्रेस में बदल गई

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की हालत अजब गजब हो गई है। सोनिया कांग्रेस, खड़गे कांग्रेस बनी, फिर मध्यप्रदेश में कमलनाथ कांग्रेस हो गई है। कमलनाथ जी ने तो क्या, उनके बेटे ने भी टिकट बांट दिए और जब टिकट को लेकर कोलाहल मचा लोग कमलनाथ के पास पहुंचे तो कमलनाथ ने कहा, कपड़े फाड़ना है तो दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह के फाड़ो। तो वो कपड़ा फाड़ कांग्रेस हो गई। लेकिन अब कांग्रेस टिकट बदल कांग्रेस बन गई है। कांग्रेस ने घबराकर कई जगह टिकट बदल दिए हैं। कांग्रेस की हालत तो बड़ी अजब गजब हो गई है। अब देखते हैं कांग्रेस में आगे और क्या होने वाला है।

बहनों की जिंदगी बदलने का महायज्ञ है, लाड़ली बहना योजना

सीएम शिवराज ने लाड़ली बहनों से संवाद करते हुए कहा कि यह लाड़ली बहना योजना बहनों की जिंदगी बदलने का महायज्ञ है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में महिलाओं को हमने 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। पुलिस में 30 प्रतिशत भर्तियां बेटियों की हो रही है। लोकसभा, विधानसभा में बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण मिला। ये योजनाएं नहीं है महिला सशक्तिकरण है, बहनों की जिंदगी बदलने का अभियान है। पैसा मान भी बढ़ाता है, सम्मान भी बढ़ाता है और आत्मसम्मान भी बढ़ाता है। हम बहनों को पैसा नहीं सम्मान दे रहें हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परेशान है और चुनाव आयोग में शिकायत कर रही है कि शिवराज चुपके से बहनों के खातो में पैसा डालेगा, लेकिन मैं चुपके से नहीं बल्कि डंके की चोट पर बहनों के खातों में पैसा डालूंगा। अब रसोई गैस भी 450 रूपए में मिलेगा और पीएम आवास में जिन बहनों के नाम रह गए थे, चुनाव के बाद उन्हें भी मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना के तहत पक्के मकान दिए जाएंगे। मैं सरकार नहीं परिवार चलाता हूं, और परिवार की सेवा करना ही भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य है।

प्रदेश को पहले नंबर पर लाना है

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती को अगर किसी ने विकास दिया है तो केवल भाजपा सरकार ने दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि भारत में जी-20 बैठक हो रही है, भारत चांद पर पहुंच गया है और अनेकों उपलब्धियां हैं। शक्तिशाली भारत का निर्माण नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अब पिछड़ा नहीं है, मध्यप्रदेश अब बीमारू भी नहीं है। मध्यप्रदेश की धरती को अगर किसी ने विकास दिया है तो केवल भाजपा ने दिया है। मध्यप्रदेश को विकसित प्रांतों की पंक्ति में ले जाकर खड़ा कर दिया है। हमारा संकल्प है कि अब मध्यप्रदेश को हिंदुस्तान का नं-1 राज्य बनाकर देंगे।

मां नर्मदा और मां ताप्ती का आशीर्वाद भाजपा के साथ

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मुलताई में आयोजित चुनावी सभा में ताप्ती मैया को प्रणाम करते हुए कहा कि ताप्ती मैया हमारी जीवन रेखा है, मां ताप्ती ऐसी है जिनके दर्शन मात्र से ही मनुष्य पवित्र हो जाता है और मोक्ष मिल जाता है। इसलिए जैसे उज्जैन की धरती पर महाकाल महालोक बनाया गया है। वैसे ही मुलताई में मां ताप्ती लोक भी भाजपा सरकार बनाएगी। इतना ही नहीं उन्होंने ये भी कहा कि मुलताई को जिला बनाने की मांग भी काफी समय से उठ रही है। इस दिशा में भी सहमति बनाकर कदम आगे बढ़ाए जाएंगे। मां ताप्ती और मां नर्मदा का आशीर्वाद भाजपा के साथ है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर हमाल बोलते हुए कहा कि जब कमलनाथ की सरकार थी तब रोते ही रहते थे। मैं क्या करूं मेरे पास पैसे ही नहीं है, मामा खजाना खाली कर गया। जब पैसे ही नहीं थे तो क्यों मुख्यमंत्री बन गए। आप बताओ कोई मुख्यमंत्री रोए कि मैं क्या करूं मेरे पास पैसे ही नहीं हैं तो ऐसा मुख्यमंत्री किसी काम का है? मां ताप्ती के आशीर्वाद से मैं आज यह कहने का साहस कर रहा हूं कि मेरे पास पैसों की कोई कमी नहीं है।

भाजपा विकास का रिकॉर्ड बनाएगी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विशाल चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा की विजय का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि आप जीत का रिकॉर्ड बनाइए और भाजपा विकास का रिकॉर्ड बनाएगी। वहीं जीत का संकल्प दिलाते हुए कहा कि 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में कंधे से कंधा मिलाकर कमल के फूल पर वोट डालकर भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करेंगे। हम संकल्प लेते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हमारी माताओं, बहनों, बेटियों, किसानों, युवाओं, गरीबों के कल्याण एवं प्रदेश के विकास के लिए जो काम किए हैं उन्हें जन-जन तक पहुंचाएंगे और भारतीय जनता पार्टी की सरकार फिर से बनाएंगे। साथ ही साल 2024 में लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी को जीताएंगे और मोदी जी को भारत का प्रधानमंत्री बनाएंगे।

Views Today: 2

Total Views: 150

Leave a Reply

error: Content is protected !!