Skip to content
Thursday, 22 October 2026
भोपाल

मुख्यमंत्री श्री चौहान के प्रयासों से प्रदेश को मिली 2 नये एयरपोर्ट की सौगात

2 min read
Text Size:

राज्य शासन द्वारा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ दतिया एवं रीवा एयर स्ट्रिप को एयरपोर्ट के रूप में विकसित किये जाने के लिये आज एमओयू साइन किया गया। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान की घोषणा एवं मंत्रि-परिषद में हुए निर्णय के अनुक्रम में आज मध्यप्रदेश शासन की ओर से आयुक्त विमानन  चन्द्रमौलि शुक्ल एवं एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के निदेशक  रामजी अवस्थी, निदेशक विमानतल, भारतीय विमानन प्राधिकरण द्वारा एमओयू पर हस्ताक्षर किये गये। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा एयरपोर्ट बनाये जाने की घोषणा के बाद भूमि-पूजन भी किया गया था।

आयुक्त विमानन शुक्ल ने बताया कि रीवा और दतिया में एयरपोर्ट बन जाने से एटीआर-72 विमानों का परिचालन किया जायेगा। प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, खजुराहो के बाद दतिया एवं रीवा में एयरपोर्ट के बन जाने से प्रदेश में एयरपोर्ट की संख्या बढ़ कर 7 हो जायेगी। इससे जहाँ लोगों को आवागमन में सुविधा होगी, वहीं व्यापार-व्यवसाय भी सुगम होगा। उन्होंने बताया कि विमान परिचालन में केन्द्र शासन की 80 प्रतिशत एवं राज्य शासन की भागीदारी 20 प्रतिशत होगी।

आयुक्त विमानन ने बताया कि रीवा हवाई अड्डे के संपूर्ण विकास/उन्नयन और प्रचालन/संधारण, सिविल एविएशन मानकों के अनुरूप किया जायेगा। इसमें मध्यप्रदेश शासन द्वारा भारतीय विमान प्राधिकरण को रीवा हवाई अड्डे का संपूर्ण विकास चरणबद्ध तरीके से करने, हवाई यातायात संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएँ तथा यात्रियों के लिये आवश्यक सुविधाएँ प्रदान की जायेंगी।

84 Views
What do you think?

Leave a Reply