Skip to content
Thursday, 22 October 2026
भोपाल

मुख्यमंत्री श्री चौहान करेंगे कृषक ब्याज माफी योजना का शुभारंभ

2 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:

मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान सागर जिले के केरबना गाँव से मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना-2023 के अंतर्गत आवेदन प्राप्ति से अभियान का शुभारंभ करेंगे। प्रदेश में 11 लाख 19 हजार डिफाल्टर किसान भाई-बहनों को योजना का लाभ मिलेगा। राज्य सरकार डिफाल्टर किसानों की 2200 करोड़ से अधिक राशि का ब्याज माफ करेगी और इस राशि की प्रतिपूर्ति राज्य शासन द्वारा की जाएगी।

राज्य सरकार द्वारा ब्याज भरने से किसान भाई-बहन डिफाल्टर नहीं कहलाएंगे। किसानों को समिति से डिफाल्ट मुक्त होने का प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा। किसान भाई शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर योजना के लिए पात्र हो जाएंगे। जिन किसानों को समिति से खाद और बीज प्राप्त नहीं हो रहा था, उनको अब विशेष सुविधा के तहत खाद एवं बीज समिति से प्राप्त होने लगेगा। पूर्व में ऋण माफी की उम्मीद में बहुत से किसान, डिफाल्टर और सोसायटी से खाद-बीज लेने से वंचित हो गए थे। ऐसे किसानों की परेशानियों को देखते हुए राज्य सरकार उनके ब्याज की राशि भरेगी।

सरकार से मिली राहत से प्रसन्न हैं किसान

प्रदेश में कृषक ब्याज माफी योजना के फलस्वरूप मिलने वाली राहत से किसान वर्ग प्रसन्न है। उल्लेखनीय है कि योजना में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों से संबद्ध प्राथमिक कृषि साख समितियों के ऐसे कृषक, जिन पर 31 मार्च 2023 की स्थिति में कुल बकाया ऋण (मूल एवं ब्याज को मिलाकर) 2 लाख रूपये तक है और वे डिफाल्टर हैं, का ब्याज माफ किया जाएगा। माफ किए गए ब्याज की प्रतिपूर्ति राज्य शासन द्वारा की जाएगी। दो लाख रूपये तक के फसल ऋण में अल्पकालीन फसल ऋण एवं प्राकृतिक आपदा के कारण जो अल्पकालीन ऋण मध्यकालीन ऋण में परिवर्तित हुआ है, उसको शामिल किया गया है।

131 Views
What do you think?

Leave a Reply