Skip to content
Thursday, 22 October 2026
भोपाल

महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा लगाई जाएगी

3 min read
Text Size:

मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य सरकार विकास और जन-कल्याण की योजनाओं से जनता की जिंदगी बदलने का अभियान चला रही है। राज्य शासन की कृषि और किसानों के हित की योजनाओं से जहाँ कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है वहीं किसानों की आय भी दोगुनी हुई है। उपस्थित हजारों किसानों ने हाथ हिलाकर और ताली बजा कर समर्थन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान सीहोर जिले के बुधनी जनपद के नांदनेर ग्राम में 128 करोड़ की लागत की 6 सड़क का भूमि-पूजन कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने दर्जनों गाँव में नर्मदा नदी से लिफ्ट इरिगेशन योजना के लिए 25 करोड़ रूपये प्रदान करने और महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वे आज प्रदेश के विभिन्न अंचल में करीब 2000 बेटियों के विवाह में वर्चुअल शामिल होकर आशीर्वाद देकर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नांदनेर के पास बोरना गाँव में उन्होंने मित्रों के सहयोग से पहली बार गरीब कन्याओं का विवाह करवाया था और मुख्यमंत्री बन कर उन्होंने गरीब परिवारों की बेटियों की शादी की योजना को मूर्त रूप दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना से सरकार ने बेटियों को वरदान बनाया और उनकी शिक्षा की जिम्मेदारी भी ली है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हाल ही में प्रारंभ की गई लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बहनों की कमजोर आर्थिक स्थिति देखी है। इसलिए बहनों को आर्थिक-सामाजिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए यह योजना लागू की। उन्होंने कहा कि जून माह की 10 तारीख से पात्र बहनों के खाते में हर माह 1000 रूपए की राशि मिलना शुरू हो जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नांदनेर उनकी जन्म-भूमि है और मुख्यमंत्री के रूप में आपका बेटा आपका नाम दुनिया में रोशन कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाना ही राज्य सरकार का लक्ष्य है। आज क्षेत्र में सड़कों का जो जाल बिछा है उसे और भी सघन किया जायेगा। सिंचाई सुविधा से किसान अब मूंग की तीसरी फसल भी ले रहे हैं। सरकार ने किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य देकर उनकी आय को दोगुना किया है। किसानों ने मुख्यमंत्री के इस कथन का करतल ध्वनि से समर्थन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नांदनेर में सेवा सहकारी और उचित मूल्य दुकान का भवन निर्माण, अनुसूचित जाति बस्ती में मंगल भवन और नर्मदा घाट के मरम्मत कार्य को स्वीकृत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने 2 निराश्रित बच्चों के लिए मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना से छात्रवृति स्वीकृत करने की घोषणा भी की। सांसद  रमाकांत भार्गव ने क्षेत्र के चहुँमुखी विकास के लिए मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

101 Views
What do you think?

Leave a Reply