-नवदुर्गा उत्सव समिति की परंपरा कायम, नवमी पर होगा विशाल भंडारा और कन्या भोज
अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम के सुभाष चौक पर मां दुर्गा की आराधना की परंपरा पिछले 31 वर्षों से निरंतर चली आ रही है। सुभाष चौक दुर्गा उत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष शारदीय नवरात्र में विधि-विधान के साथ मां जगदंबा की प्रतिमा स्थापित की जाती है। नवरात्र के नौ दिनों तक यहां भक्तिमय माहौल बना रहता है और श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। समिति द्वारा प्रतिवर्ष नवमी के अवसर पर विशाल भंडारे और कन्या भोज का आयोजन किया जाता है। इसमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। कन्या भोज के माध्यम से कन्याओं को भोजन कराकर उनका पूजन किया जाता है, वहीं भंडारे में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करते हैं। सुभाष चौक पर तीन दशक से अधिक समय से चली आ रही यह परंपरा धार्मिक आस्था और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बन गई है। हर साल नवरात्र के दौरान समिति के सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटते हैं और पूरे श्रद्धाभाव से माता रानी की स्थापना कर पूजा-अर्चना करते हैं। मां जगदंबा के प्रति ग्रामीणों की आस्था के चलते नवरात्र में चौक का माहौल भक्तिमय बना रहता है।







