-एक सप्ताह में निराकरण के निर्देश
-30 अक्टूबर तक पूरी करनी है कार्रवाई
-पात्र हितग्राहियों के पट्टे बनाने और शेष प्रकरणों में शीघ्र रिपोर्ट भेजने के निर्देश
अनोखा तीर, हरदा। वनाधिकार के लंबित पट्टों के निराकरण को लेकर अनुविभागीय अधिकारी शैलेन्द्र बड़ौनिया ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार दोपहर 12 बजे पंचायत कार्यालय हरदा में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को वनाधिकार पट्टों से जुड़े लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में बीट गार्ड, पटवारी, पंचायत सचिव सहित संबंधित विभागों के कर्मचारियों को वनाधिकार पट्टों के निष्पादन की प्रक्रिया और आवश्यक कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि हरदा अनुविभाग में वनाधिकार के लगभग 1500 पट्टे लंबित हैं, जिन पर अभी कार्रवाई की जाना शेष है। इन प्रकरणों के निराकरण के लिए 30 अक्टूबर की अंतिम समय-सीमा निर्धारित है। इसके बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर एसडीएम श्री बड़ौनिया ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। एसडीएम श्री बड़ोनिया ने स्पष्ट कहा कि सभी संबंधित कर्मचारी आपसी समन्वय स्थापित कर आगामी एक सप्ताह के भीतर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करें। जिन प्रकरणों में नियमानुसार वनाधिकार पट्टे दिए जाने की पात्रता है, उनमें पट्टे तैयार करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। वहीं, जिन प्रकरणों में पट्टा दिया जाना संभव नहीं है, उनमें नियमानुसार आवश्यक जांच कर शीघ्र रिपोर्ट तैयार की जाए और आगे की कार्रवाई के लिए प्रेषित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण हो सके। बैठक में हंडिया तहसीलदार पूजा भाटी, हरदा जनपद की मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वन विभाग तथा संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







