अनोखा तीर, हरदा। हरदा डिग्री कॉलेज के लाइफ साइंस विभाग द्वारा बी.एससी. स्नातक के विद्यार्थियों के लिए रोजगारोन्मुखी एवं कौशल विकास गतिविधि के अंतर्गत एलोवेरा की सहायता से हर्बल शैम्पू निर्माण का प्रायोगिक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल प्रदान करना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान लाइफ साइंस विभाग से आनंद वर्मा (माइक्रोबायोलॉजी), नरेंद्र खोरे (रसायन) एवं करिश्मा यादव (वनस्पति शास्त्र) ने विद्यार्थियों को हर्बल शैम्पू निर्माण की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने एलोवेरा के गुणों, शैम्पू निर्माण में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री, निर्माण की विधि तथा उत्पाद तैयार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय के डायरेक्टर गिरीश सिंहल, प्राचार्या अभिलाषा सिंहल, उपप्राचार्य गणेश श्रीवास्तव, लाइफ साइंस विभागाध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह परिहार एवं समस्त स्टाफ ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।
हरदा डिग्री कॉलेज में विद्यार्थियों ने सीखा एलोवेरा से हर्बल शैम्पू बनाना






