अनोखा तीर, हरदा। हरदा सिटी कोतवाली पुलिस ने बेरोजगारों से ठगी के मामले में कांग्रेस नेता वीरेंद्र मालवीय को गिरफ्तार किया है। उन्हें शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। उन पर 3200 से ज्यादा युवाओं से करीब 10 लाख रुपए ठगने का आरोप है। शिकायतकर्ता गणेश चौहान और कंचन लोनिया ने बताया कि मालवीय ने ग्लोबल ह्यूमन एम्पावरमेंट एंड डेवलपमेंट फाउंडेशन के नाम से विज्ञापन दिए थे। इनमें बिना पलायन किए गांव या शहर में रोजगार देने का दावा किया गया था।
आरोप – अब पीड़ितों के फोन नहीं उठा रहे
वीरेंद्र मालवीय और उनकी पत्नी ज्योति मालवीय ने हर व्यक्ति से 290 रुपए रजिस्ट्रेशन फीस ली। कुछ युवाओं से दो महीने काम भी करवाया, लेकिन वेतन नहीं दिया। संस्था के लोग अब पीड़ितों के फोन नहीं उठा रहे हैं। पीड़ितों ने पहले कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत की थी, फिर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। संस्था ने हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, खंडवा और बुरहानपुर में काम का वादा किया था। आरोपी वीरेंद्र मालवीय का कहना है कि कंपनी वैध है और उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
बेरोजगारों से ठगी के मामले में वीरेंद्र मालवीय गिरफ्तार






