अनोखा तीर, हरदा। जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने टिमरनी तहसील के ग्राम छीपानेर एवं बिरजाखेड़ी में अवैध खनिज रेत का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। जिला खनिज अधिकारी प्रगति सोनवाने एवं खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए सोनखेड़ी-छीपानेर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को खनिज रेत का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा। वाहन चालक सौरभ काछी, निवासी पोखरनी, तहसील खिरकिया से संबंधित इस वाहन को जब्त कर सिटी कोतवाली पुलिस की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया। चालक ने ट्रैक्टर मालिक का नाम अनिल गुर्जर, निवासी ग्राम हीरापुर, तहसील हंडिया बताया। इसी प्रकार, 14 अक्टूबर को दूरभाष पर प्राप्त शिकायत के आधार पर सहायक खनिज अधिकारी चैनसिंह डामोर एवं खनिज विभाग की टीम ने ग्राम छीपानेर, बिरजाखेड़ी, तहसील टिमरनी में एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रूप से खनिज रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा। बिना नंबर के इस वाहन की चेचिस सीजेडसीडीई 4602023 है। सोनालिका कंपनी की नीले रंग की इस ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर टिमरनी पुलिस थाने की चौकी में पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कराया गया। खनिज विभाग के अनुसार, दोनों मामलों में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
अवैध खनिज रेत परिवहन पर कार्रवाई, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त





