अनोखा तीर, रहटगांव। मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार की महत्वाकांक्षी स्वामित्व आबादी रजिस्ट्री योजना के साथ सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। पहले पटवारी तो अब संपदा पोर्टल के सर्वर ने योजना की रफ्तार रोक दी है। योजना का लाभ लेने के लिए पंचायत मुख्यालयों पर हितग्राहियों की भीड़ है पर पोर्टल चलने का नाम नहीं ले रहा। ज्ञातव्य है कि इस महत्वाकांक्षी योजना में ग्रामीण आबादी क्षेत्र में निवासरत स्वामित्व पट्टाधारकों को शासन मुफ्त में रजिस्ट्री करके दे रहा है, जिससे उन्हें बैंक आदि से कर्ज लेने में आसानी हो, जिसके लिए संबंधित हल्का पटवारी को निष्पादक की भूमिका दी गई थी, जिस पर पटवारी संघ ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराकर निष्पादक से हटाने एवं कानूनी सुरक्षा प्रदान करने हेतु आंदोलन किया था, जिस पर शासन स्तर से 10 अक्टूबर को पटवारियों को योजना के संबंध में कानूनी सुरक्षा प्रदान करने हेतु आदेश प्रसारित कर दिए गए थे, जिसके बाद प्रदेश भर के पटवारी योजना क्रियान्वयन में लग गए, परंतु विगत दो दिनों से सर्वर के कारण गांवों में बमुश्किल 2-3 रजिस्ट्रियां ही हो पा रही हैं। कार्य में लगे पटवारियों का कहना है कि दिन भर बैठने के बाद बमुश्किल 1-2 रजिस्ट्री हो पा रही है, पोर्टल में कई विसंगतियां हैं, आधार और समग्र ओटीपी में भी दिक्कतें हैं। लगातार पोर्टल का सर्वर डाउन है। इस स्थिति में शासन का 50 लाख रजिस्ट्री का लक्ष्य प्राप्त करना असंभव है।
पहले पटवारी अब सर्वर ने रोकी स्वामित्व रजिस्ट्री की रफ्तार





