Skip to content
Monday, 19 October 2026
हरदा

आईसी-3 की 10वीं वार्षिक कॉन्फ्रेंस में संस्कार विद्यापीठ की प्राचार्य ने किया प्रतिनिधित्व

2 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में आयोजित आईसी-3 की 10वीं वार्षिक कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो में संस्कार विद्यापीठ, हरदा की प्राचार्य राजेश्वरी गीते ने सहभागिता की। दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 100 से अधिक देशों के शिक्षाविदों, स्कूल एवं विश्वविद्यालयों के नेतृत्वकर्ताओं तथा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य स्कूली शिक्षा, उच्च शिक्षा और उद्योग जगत को एक मंच पर लाकर विद्यार्थियों के भविष्य, करियर मार्गदर्शन तथा वैश्विक स्तर पर शिक्षा के बदलते स्वरूप पर सार्थक संवाद करना था। सम्मेलन की शुरुआत धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल द्वारा आयोजित विशेष प्रेसिडेंशियल सत्र से हुई। सम्मेलन में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विद्यार्थियों को केवल करियर विकल्पों की जानकारी देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनमें आत्म-जागरूकता, निर्णय लेने की क्षमता और भविष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित करना भी आवश्यक है। इसी क्रम में स्कूलों में करियर काउंसलिंग के साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं काउंसलिंग को शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने पर चर्चा हुई। स्कूल-यूनिवर्सिटी पार्टनरशिप सत्र में स्कूलों और विश्वविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की उच्च शिक्षा, रोजगार और वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं, विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षाविदों एवं काउंसलर्स को सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन में संस्कार विद्यापीठ की ओर से प्रतिनिधित्व करने पर प्राचार्य सुश्री राजेश्वरी गीते को विद्यालय प्रबंधन के नटवर पटेल, नवनीत पटेल, उप प्राचार्य दिलीप पाटीदार एवं समस्त विद्यालय परिवार ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply