Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

पीएम स्वनिधि योजना : 50 हजार तक का ऋण, 8 हजार से अधिक लाभार्थी

2 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। नगरीय निकायों में सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले छोटे दुकानदारों और पथ विक्रेताओं की आर्थिक उन्नति के लिए सरकार द्वारा पीएम स्वनिधि योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से शहर के छोटे व्यवसाइयों को बैंकों के जरिए सीधे ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे बिना किसी वित्तीय संकट के अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि शहर में अब तक कुल 8,236 पथ विक्रेता पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत बैंकों से ऋण प्राप्त कर लाभान्वित हो चुके हैं। योजना को बेहद सरल और हितग्राही-अनुकूल बनाया गया है, जिसके तहत व्यवसाइयों को उनकी जरूरत और भुगतान क्षमता के अनुसार तीन अलग-अलग चरणों में ऋण दिया जा रहा है। प्रथम चरण में व्यवसाय शुरू करने या सुधारने के लिए 15 हजार रुपए का ऋण 12 महीने की अवधि के लिए दिया जाता है। द्वितीय चरण में पहला ऋण समय पर चुकाने के बाद 25 हजार रुपए का ऋण 18 महीने की अवधि के लिए स्वीकृत किया जाता है तथा तृतीय चरण में सफल व्यवसाय संचालन पर व्यापार विस्तार के लिए 50 हजार रुपए का ऋण 36 महीने की आसान किस्तों पर उपलब्ध कराया जाता है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि इस ऋण योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक व पात्र पथ विक्रेता सीधे नगर पालिका की योजना शाखा में जाकर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके लिए आवेदकों को अपने साथ केवल आधार कार्ड, बैंक पासबुक और चालू मोबाइल नंबर लेकर आना होगा।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply