Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

पुलिस अधिकारियों एवं सुरक्षा जवानों को बांधा रक्षासूत्र, सेवा और समर्पण को किया नमन

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर ब्रह्मकुमारी द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम, हरदा में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों के जवानों को रक्षासूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई। समाज की सुरक्षा के लिए दिन-रात अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का यह पर्व आत्मीयता और भाईचारे के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ब्रह्मकुमारी बहनों ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को रक्षासूत्र बांधते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल एक धागा बांधने का पर्व नहीं, बल्कि पवित्रता, आत्मीयता, विश्वास और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। जिस प्रकार सुरक्षा बल अपने कर्तव्य के माध्यम से समाज और राष्ट्र की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को भी अपने विचारों और कर्मों को श्रेष्ठ बनाकर समाज में शांति एवं सद्भावना की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में राजयोग एवं आध्यात्मिक जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि तन की सुरक्षा के साथ मन की सुरक्षा भी आवश्यक है। सकारात्मक चिंतन, आत्मिक शक्ति और परमात्म-स्मृति तनावपूर्ण परिस्थितियों में भी मन को शांत एवं स्थिर रखने में सहयोगी बनती है। नियमित राजयोग अभ्यास से व्यक्ति अपने अंदर धैर्य, आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मकता का विकास कर सकता है। ब्रह्मकुमारी बहनों ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं सुरक्षा जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों की निष्ठा, साहस और समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। वे अपने परिवार से दूर रहकर भी नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उनके इसी त्याग और सेवाभाव को नमन करते हुए रक्षाबंधन के अवसर पर रक्षासूत्र बांधा गया। रक्षासूत्र धारण करने के पश्चात उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने भी इस आत्मीय पहल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान वातावरण में भाईचारे, सम्मान, शांति और सद्भावना का भाव देखने को मिला। अंत में सभी को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए श्रेष्ठ विचारों को अपनाने, बुराइयों से दूर रहने तथा समाज में शांति, प्रेम और सद्भावना का वातावरण बनाने का संकल्प कराया गया।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply