Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

नन्हे बच्चों ने माता-पिता के चरण पूजकर दिया संस्कारों का संदेश

1 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। संस्कार विद्यालय में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गुरु-शिष्य परंपरा और गुरु के महत्व को विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने गुरु के महत्व, भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा तथा जीवन में गुरु के मार्गदर्शन पर प्रभावशाली भाषण दिए। गुरु वंदना के मधुर गायन और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। समारोह का मुख्य आकर्षण प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा अपने माता-पिता के चरण पूजन की प्रस्तुति रही। बच्चों ने माता-पिता को अपना प्रथम गुरु मानते हुए उनके प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। इस भावनात्मक दृश्य ने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा और श्रेष्ठ संस्कार भी प्रदान करते हैं। इस अवसर पर शाला प्रबंधन से नटवर पटेल, नवनीत पटेल, आचार्या राजेश्वरी गीते, उपप्राचार्य दिलीप पाटीदार सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply