Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

सनफ्लावर स्कूल में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। नगर के सनफ्लावर इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति की गुरु-शिष्य परंपरा, गुरु के महत्व तथा शिक्षा के मूल्यों से परिचित कराना रहा। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गुरुजनों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम में संस्था के उपाध्यक्ष संजय जैन एवं समिति के कोषाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के शिक्षक एवं पुजारी दीपक जोशी द्वारा मां सरस्वती के पूजन, वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अतिथियों एवं वक्ताओं ने अपने संबोधन में गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही जीवन को अज्ञान रूपी अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और जीवन जीने की सही दिशा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सम्मान करने, उनके बताए मार्ग पर चलने और शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन को सफल बनाने का आह्वान किया। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती भुवनेश्वरी पांडे ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है, जो हमें अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और समर्पण का भाव सिखाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कारों को भी जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया। छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उन्हें शिक्षा एवं मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। पूरे आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply