Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

हाईवे पर निराश्रित मवेशियों का जमावड़ा रोकने के निर्देश

2 min read
Text Size:

-रात्रिकालीन पेट्रोलिंग होगी तेज

अनोखा तीर, हरदा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं निराश्रित मवेशियों की सुरक्षा के उद्देश्य से कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एवं पुलिस अधीक्षक शशांक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित प्रमुख सड़कों पर रात्रि के समय निराश्रित मवेशियों का जमावड़ा किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर निकाय, पशुपालन विभाग, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय से नियमित रात्रिकालीन पेट्रोलिंग करें। पेट्रोलिंग के दौरान सड़कों पर बैठे अथवा विचरण कर रहे निराश्रित मवेशियों को सुरक्षित स्थानों एवं गौशालाओं तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को न्यूनतम किया जा सके। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि हाईवे पर बैठे निराश्रित मवेशी न केवल स्वयं दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं, बल्कि वाहन चालकों के लिए भी गंभीर खतरा बनते हैं। इसलिए ऐसे संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक शशांक ने निर्देश दिए कि रात्रिकालीन गश्त के दौरान हाईवे एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। जहां भी निराश्रित मवेशी सड़क पर दिखाई दें, उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए तथा संबंधित विभागों के समन्वय से दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि सड़क पर निराश्रित मवेशी दिखाई देने पर इसकी सूचना संबंधित विभागों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर मानव जीवन एवं मवेशियों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन, वनमंडलाधिकारी ज्योति मुड़िया, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

2 Views
What do you think?

Leave a Reply