Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

अवैध खनिज उत्खनन पर सख्ती

2 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:

-परिवहन मार्गों पर लगेंगे सौर ऊर्जा संचालित सीसीटीवी कैमरे
अनोखा तीर, हरदा। जिले में खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एवं पुलिस अधीक्षक शशांक ने खनिज अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि खनिज परिवहन के प्रमुख मार्गों पर सौर ऊर्जा संचालित सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं, ताकि अवैध गतिविधियों पर चौबीसों घंटे प्रभावी निगरानी रखी जा सके। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि जिले में खनिज संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मार्गों से खनिज का परिवहन होता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। कैमरों के माध्यम से वाहनों की सतत निगरानी की जाएगी तथा अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक शशांक ने कहा कि अवैध खनिज परिवहन पर नियंत्रण के लिए पुलिस एवं खनिज विभाग आपसी समन्वय के साथ नियमित कार्रवाई करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि संदिग्ध वाहनों की सतत निगरानी की जाए तथा अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं राजस्व की सुरक्षा के लिए अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग कर निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन, वनमंडलाधिकारी ज्योति मुड़िया, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply